बडागुढ़ा। गांव बीरूवालागुढ़ा में स्थित राजीव गांधी खेल परिसर में खेल नर्सरी चल रही है। यहां 100 के करीब खिलाड़ी पदक जीतने के लिए अपना पसीना बहा रहे हैं। इन्हीं में एक खिलाड़ी है बीरूवालागुढ़ा निवासी अनु। जिसने हाल ही में रोहतक में आयोजित हुई खेलो इंडिया नेशनल टैलेंट हंट सब जूनियर प्रतियोगिता में बॉक्सिंग में 33 किलो भार वर्ग में भाग लेते हुए बेहतर प्रदर्शन कर सिल्वर मेडल हासिल जीता है। अनु इससे पहले वर्ष 2023 में रोहतक में ही हुई नेशनल प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीत चुकी है।
बता दें कि गांव बीरूवालागुढ़ा के राजीव गांधी खेल परिसर में पिछले 3 वर्षों से खेल नर्सरी चल रही है। इस नर्सरी में बॉक्सिंग, खो-खो व कबड्डी की विशेष ट्रेनिंग दी जाती है। जिसके लिए महिला कोच की भी नियुक्ति की गई है। खेल परिसर में गांव बीरूवालागुढ़ा के अलावा लक्कड़ांवाली, कालांवाली व भादड़ा से 100 के करीब लड़के-लड़कियां प्रशिक्षण ले रहे हैं। कोच सतवीर कौर ने बताया कि यहां पर अधिकतर खिलाड़ी बॉक्सिंग का अभ्यास कर रहे हैं। यहां से ट्रेनिंग लेने वाले कई खिलाड़ी नेशनल स्तर पर खेलकर बेहतर प्रदर्शन कर चुके हैं। इनमें से 2 खिलाड़ियों का पंचकूला में रेस व बॉक्सिंग में चयन भी हुआ है। खेल परिसर में सिरसा क्षेत्र के खिलाड़ियों के भी ट्रायल करवाए जाते हैं। युवाओं की खेलों के प्रति रूचि देखकर ग्राम पंचायत व शहीद भगत सिंह फाउंडेशन की ओर से खेल परिसर में पेयजल, सफाई व्यवस्था, बॉक्सिंग रिंग व वॉलीबाल मैदान की व्यवस्था करवाई गई है।
प्रयास है कि गांव के बच्चे नशे व अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ें। इसी प्रयास के साथ ग्राम पंचायत ने खेल परिसर में अपने स्तर पर काफी सुविधाएं मुहैया करवाई हैं। जिसमें वॉलीबाल ग्राउंड, बॉक्सिंग रिंग, खेलों का सामान, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य शामिल हैं। ग्रामीणों को गर्व है कि उनके गांव के खिलाड़ी खेलों में नाम रोशन कर रहे हैं। खेलों के क्षेत्र में खिलाड़ियों को किसी प्रकार की कमी या परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
- सुखविंदर सिंह चौहान, सरपंच।
बच्चों में खेलों की ओर काफी रुझान है। यहां ट्रेनिंग देते हुए करीब 3 वर्ष का समय हो गया। बच्चों के अभिभावकों का भी पूरा समर्थन है। उन्हें खुशी है कि गांव की लड़कियां घरों से निकलकर शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं।
-सतवीर कौर, कोच।