इन दिनों अपने बयान को लेकर चर्चा में रहने वाले राज्यसभा सांसद बीरेंद्र सिंह ने एक और शब्दों का तीर चलाया है। इस बार निशाने पर उन्होंने हांसी के विधायक और सीपीएस विनोद भयाना को लिया है। यहां प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सदस्य सुरेंद्र मलिक के आवास पर आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने बिना नाम लिए भयाना के बारे में कहा कि इस वक्त राजनीति में नौकरी के नाम पर रुपये लेने का नया ट्रेंड आ गया है। विधायक दूसरे हलके के लोगों की नौकरी लगवाते हैं और उनसे पैसा वसूल करते है। बीरेंद्र ने कहा कि हांसी वाले ने 7 करोड़ रुपये 70 लोगों से ले रखे हैं। नाम भी बता देंगे।
सीपीएस विनोद भयाना ने बीरेंद्र सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि उन पर नौकरी के लिए पैसे लिए जाने के आरोप निराधार हैं। भयाना ने कहा कि उन्होंने दूसरे हलके के लोगों की नहीं बल्कि अपने हलके के लोगों की सिफारिश की है। भयाना बोले, एक से भी पैसे लिए साबित कर दें, मैं राजनीति छोड़ दूंगा। इससे पहले भी बीरेंद्र सीएम समेत कई कांग्रेसियों के बारे में कड़ी बयानबाजी कर चुके हैं।
बुरे दिन जाने वाले हैं
बीरेंद्र ने हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि वे ये कहने की स्थिति में तो नहीं है कि अच्छे दिन आएंगे लेकिन इतना जरूर है कि बुरे दिन जाने वाले हैं। बीरेंद्र ने कहा कि उन्होंने पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को बता दिया है कि कांग्रेस का नेतृत्व नहीं बदला गया तो हरियाणा में 9 सीटें भी नहीं आएंगी। बीरेंद्र सिंह ने खुद को पार्टी का सीनियर लीडर बताते हुए कहा कि वे देश भर के उन सौ सबसे पुराने लीडरों में शामिल है जो इस वक्त मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा स्वाभिमान की राजनीति की है।
हांसी, जींद और कैथल में होगी रैली
उन्होंने कहा कि वे अगस्त में हांसी, जींद तथा कैथल में से किसी एक जगह बड़ी रैली करना चाहते हैं। वे कार्यकर्ताओं से बोले, इस रैली की गूंज रोहतक तक जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वे दो सप्ताह बाद जात पात के खिलाफ हिसार में एक दिन का धरना भी लगाएंगे। इस दौरान कार्यकर्ता सम्मेलन के संयोजक सुरेंद्र मलिक, बलजीत राणा, जगदीश मान, मुनीश कालडा, सीटू मुंजाल, रणबीर दुहन, राजकुमार मक्कड़ व कई अन्य मौजूद थे।
रिटायर का ऑप्शन दिया
भाषण के दौरान बीरेंद्र सिंह ने कहा कि वे समर्थकों के दम पर फैसले लेते हैं। समर्थक चाहेंगे तो वे वे उनकी भलाई के लिए कुछ नया करेंगे और वे कहेंगे तो रिटायरमेंट के लिए भी तैयार हैं।
इस बार पीछे नहीं हटूंगा : मलिक
कार्यकर्ता सम्मेलन के आयोजक सुरेंद्र मलिक ने कहा कि कार्यकर्ता कहते हैं कि वे हर बार एक बार उठते हैं लेकिन ऐन वक्त पर पीछे हट जाते हैं। मलिक ने कहा कि इस बार ऐसा नहीं होगा। वे अपने कार्यकर्ताओं को निराश नहीं करेंगे और कार्यकर्ताओं का आदेश हुआ तो हर हालत में चुनावी मैदान में उतरेंगे। इससे पूर्व बलजीत राणा और कई अन्य वक्ताओं ने बीरेंद्र सिंह से कहा कि चाहे वे भाजपा में जाए या कहीं और लेकिन फैसला जल्दी लें।