संवाद न्यूज एजेंसी
रानियां। बकाया बिजली बिल नहीं भरने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने अभियान की शुरुआत कर दी है। रानियां शहर में 3246 डिफाल्टर से चार करोड़ 32 लाख रुपये बिल बकाया है। इसकी रिकवरी को लेकर निगम सख्ती कर रहा है।
रानियां सर्कल के एसडीओ राजिंद्र सिंह ने बताया कि बिजली निगम ने डिफाल्टर उपभोक्ताओं के खिलाफ सघन वसूली अभियान चलाया है। इसके लिए दो टीमों का गठन करके बिजली का बिल न भरने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। टीम की ओर से अधिक बिल बकाया वाले उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन काटा जा रहा है। पहले चरण में बिजली निगम की ओर से व्यवसायिक उपयोग करने वाले डिफाल्टर उपभोक्ताओं की बिजली काटी जा रही है। एसडीओ रजिंद्र सिंह ने बताया कि रानियां शहर में 3246 डिफाल्टर उपभोक्ता है और 4 करोड़ 32 लाख की राशि बकाया है। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए समय पर बिजली के बिल का भुगतान करें। उन्होंने क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं से कहा कि यदि बिजली बिल का बकाया दो माह से ज्यादा है, तो उसे कार्यालय में जाकर जमा करवाएं अन्यथा आपका बिजली कनेक्शन काट दिया जाएगा और विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।