संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा,ओढां। राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर नौ पर गांव सालम खेड़ा के पास बुलेट सवार युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त घायल हो गया। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान मिलने पर परिजनों ने हत्या के आरोप लगाया और नागरिक अस्पताल में धरना दे दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 13 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस को दी शिकायत में गांव वैदवाला निवासी पालो देवी ने बताया कि उसका बेटा निम्मा सिंह व बेटे का दोस्त अवतार बुलेट पर डबवाली अपने दोस्त से मिलने की बात कहकर गए थे। देर रात को दोनों वापस आ रहे थे। रात्रि के समय उन्हें सूचना मिली थी कि उसके बेटे का सालमखेड़ा के पास एक्सीडेंट हो गया है। जब वे ओढां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचे तो वहां उसके बेटे का शव पड़ा हुआ था, जबकि अवतार को सिरसा रेफर किया जा चुका था। पालो देवी ने बताया कि उसके बेटे निम्मा के सिर, गर्दन व पेट पर कट के निशान थे। इससे जाहिर होता है कि ये हादसा नहीं बल्कि उसके बेटे की हत्या की गई है। पालो देवी ने बताया कि निम्मा की गांव वैदवाला निवासी हैप्पी, अनमोल, रवि, साबी, गुरमीत, जशन, काली व सोनू, कालांवाली निवासी बोना, सागर व अरुण, गांव देसुमलकाना निवासी काका नाथ, गांव भड़ोल्यांवाली निवासी गुरप्रीत के साथ रंजिश चल रही है। उक्त लोग उसके बेटे से कई बार झगड़ा कर चुके हैं और जान से मारने की धमकी भी दे चुके हैं। उक्त लोगों ने ही रंजिशवश उसके बेटे की हत्या की है। ओढां थाना पुलिस ने 13 के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इकलौता बेटा था निम्मा, अवतार की हालत गंभीर
निम्मा माता पिता का इकलौता बेटा था। उसकी रतिया के गांव में किराना की दुकान कर रखी थी। उसकी एक बेटी व एक बेटा है। मृतक के दोस्त अवतार की हालत गंभीर बताई जा रही है। अवतार का कहना है कि वह मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा था। झटका लगने के कारण वह गिर गए थे। इसके बाद वह बेहोश हो गया। निम्मा के साथ क्या हुआ उसे कोई जानकारी नहीं है।
10 दिन पहले ही हुई थी पंचायत में सुलाह
मृतक के पिता जगदीश कुमार ने बताया कि निम्मा से गांव के कई युवक रंजिश रखे हुए थे। इसके कारण उनकी कई बार लड़ाई भी हो गई थी। 10 दिन पहले ही उनकी गांव में कहासुनी होने के बाद पंचायत में सुलाह हुई थी। इसमें उक्त युवकों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी।
वर्जन
वैदवाला निवासी युवक की मौत होने के बाद मृतक की मां के बयान पर 13 के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। - जागर सिंह, एसआई, ओढां थाना।