ऐलनाबाद। शहर के डबवाली रोड स्थित धागा फैक्ट्री के पास जा रहे बाइक सवार दो दोस्तों को कार सवार ने टक्कर मार दी। जिसके एक युवक की मौत हो गई और दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को सरकारी अस्पताल ऐलनाबाद से सिरसा रेफर कर दिया। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच गए। वहीं शव को शवगृह में रखवाया गया है।
पुलिस के अनुसार भगत सिंह काॅलोनी वार्ड 17 ऐलनाबाद निवासी गुरमेज सिंह शनिवार को मेला देखने के लिए गया था। जब मेला देखकर वह लौट रहा था तो ओवरब्रिज हनुमानगढ़ रोड के पास खड़ा हुआ तो इतने में गांव धौलपालिया निवासी सुभाष चंद्र अपनी बाइक पर सवार होकर आया। दोनों बाइक पर सवार होकर ऐलनाबाद धागा फैक्ट्री के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रही कार चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिसके बाद गुरमेज सिंह कच्ची साइड गिर गया और सुभाष पक्की साइड सड़क पर जा गिरा। जिससे सुभाष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गुरमेज सिंह ऐलनाबाद लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सिरसा रेफर कर दिया गया।