सिरसा। जिले में काला पीलिया के मरीज निरंतर बढ़ रहे हैं। जहां पूर्व में पुरुषों में यह बीमारी देखने को मिलती है, वहीं अब काला पीलिया महिलाओं में भी बड़ी तेजी से बढ़ रहा हैं। पिछले दो साल में नागरिक अस्पताल में काला पीलिया की ओपीडी में 50 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। जिसने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में विभाग ने सावधानी बरतते हुए लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाने शुरू कर दिए हैं।
चिकित्सकों की माने तो जिले के युवाओं में नशे की लत बढ़ रही है। जिस कारण उनमें हेपिटाइटिस बी और सी (काला पीलिया) जैसी जानलेवा बीमारी तेजी से फैल रही है। चिंतनीय विषय यह है कि अब लड़कियां भी नशे की लत में पड़ रही हैं। जिसने चिंताजनक स्थिति पैदा कर दी है। यही वजह है कि पुरुषों के साथ साथ महिलाओं की संख्या में भी इजाफा हो रहा है।
जिले के नागरिक अस्पताल के आंकड़ों पर गौर करें तो यह बेहद चौंकाने वाले हैं। दो साल पहले तक नागरिक अस्पताल में काला पीलिया की प्रतिदिन की ओपीडी 20 से 25 मरीजों की थी। जो आज बढ़कर ओपीडी 100 के पार जा चुकी हैं।
यह है मुख्य कारण
पंजाब और राजस्थान से सटा होने के कारण जिले में नशा बड़े स्तर पर देखने को मिलता है। हालांकि पुलिस प्रशासन अपनी ओर से निरंतर जागरुकता अभियान चलाए जा रहे है। इसके अलावा प्रतिदिन नशा तस्करों को पकड़ा जा रहा है, लेकिन उसके बाद भी स्थिति नियंत्रण में नहीं है। हेरोइन जैसा नशा अब युवाओं को तेजी से अपनी गिरफ्त में ले रहा है। वहीं नशे के इंजेक्शन सहित अन्य मेडिकल दवाओं के कारण काला पीलिया तेजी से बढ़ने लगा है। एक ही सीरींज का का आपस में प्रयोग करना भी इस बीमारी को बढ़ा रहा है।
गर्भवती महिलाएं भी हो रही है प्रभावित
काला पीलिया का असर अब गर्भवती महिलाओं में भी देखने को मिलने लगा है। युवा अवस्था में नशा करने के बाद उसका असर बाद शरीर पर देखने को मिलता है। जो काला पीलिया के रूप में सामने आता है। नागरिक अस्पताल में कई केस गर्भवती महिलाओं को काला पीलिया के सामने आए हैं।
ये हैं लक्षण और बचाव
पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द, भूख कम लगना, बुखार आना, त्वचा और आंखों का पीला होना, मूत्र का रंग गहरा पीला हो जाना, अत्यधिक थकान, उल्टी आना मुख्य लक्षण हैं। वहीं हेपेटाइटिस से बचाव रखने के लिए टूथब्रश किसी से शेयर न करें, टैटू बनवाते समय उपकरणों को सेनेटाइज करवाएं। असुरक्षित संभोग से परहेज बरतें, बीमारी के लक्षण दिखें तो इलाज कराएं।
नागरिक अस्पताल में काला पीलिया के मरीजों की संख्या बढ़ी है। जिसका मुख्य कारण नशा है। युवाओं में नशे का बढ़ता सेवन और सीरींज का आपस में शेयर करना बीमारी को बढ़ा रहा है। युवतियों व महिलाओं का दुष्प्रभाव उनके गर्भावस्था के दौरान देखने को मिलता है। युवाओं को इस बीमारी से बचाने के लिए गांव-गांव, गली-गली जाकर जागरूक किया जा रहा है।
-डाॅ. विपुल गुप्ता, उप-सिविल सर्जन नागरिक अस्पताल सिरसा।