संवाद न्यूज एजेंसी
ऐलनाबाद। शहर के बाईपास पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक 31 वर्षीय बलराम पुत्र देवीलाल गांव प्रताप नगर का रहने वाला था।
बलराम 16 अप्रैल शाम को मजदूरी करके बाइक पर सवार होकर ऐलनाबाद से घर जा रहा था। बाईपास पर अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बलराम गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसी दौरान बलराम का छोटा भाई कृष्ण कुमार भी काम से घर लौट रहा था। बाईपास पर उसने बलराम को घायल हालत में जमीन पर पड़ा देखा। उसने तुरंत उसे सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। यहां उपचार के दौरान 17 अप्रैल को बलराम की मौत हो गई।
जांच अधिकारी विजय सिंह का कहना है कि कृष्ण कुमार के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। जल्द ही अज्ञात वाहन चालक की पहचान कर ली जाएगी।