संवाद न्यूज एजेंसी
ओढां। गांव खुईयांनेपालपुर से पन्नीवाला मोटा के मध्य बाइक सवार व्यक्ति से मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने मारपीट कर नकदी व मोबाइल लूट लिए। इसी दौरान खुईयांनेपालपुर के दो युवक मौके पर पहुंचे तो तीनों बदमाश भागने लगे। इस दौरान एक बदमाश को बाइक सहित दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस को दिए बयान में गांव खुईयांनेपालपुर निवासी धर्मपाल ने बताया कि वह तूड़े का व्यापार करता है। 30 सितंबर की शाम वह अपनी बाइक पर पन्नीवाला मोटा से खुईयांनेपालपुर आ रहा था। रास्ते में बाइक सवार तीन युवकों ने उसे रुकवा लिया और धमकी दी कि उसके पास जो भी है वो उन्हें दे दे अन्यथा वे उसे जान से मार देंगे। धर्मपाल के मुताबिक तीनों में से एक युवक ने उस पर डंडे से वार किया। आरोपियों ने उसकी जेब से मोबाइल फोन व 5 हजार रुपये निकाल लिए। इसी दौरान गांव के लक्की व राकेश वहां आए तो तीनों लुटेरे भागने लगे। इसके बाद उन्होंने मिलकर एक आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में लुटेरे ने अपना नाम साहिल कुमार वासी कालांवाली बताया। आरोपी को ओढां पुलिस को सौंप दिया है। थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस ने साहिल व उसके दोनों साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।