हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि बिहार चुनावों में भाजपा को मतदाताओं ने वास्तविकता का आइना दिखा दिया है।
ये तो शुरुआत भर है, निकट भविष्य में पंजाब, उत्तर प्रदेश, केरल आदि राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों में भी भाजपा को अपनी गलत नीतियों का खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
डॉ. तंवर शुक्रवार को हुडा सेक्टर स्थित अपने आवास पर पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र व भाजपानीत शासित प्रदेशों में महिलाओं, युवा, बेरोजगारों, मजदूर, किसान, व्यापारी आदि वर्गों ने अपने अच्छे दिन की सोचकर भाजपा को वोट दिया, उन्हें अब पछतावा हो रहा है क्योंकि भाजपा ने अपनी गलत नीतियों से ही उन्हें छला है।
वन रैंक वन पेंशन मुद्दे पर पूर्व सैनिकों के सड़कों पर आने के मुद्दे पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि रेवाड़ी में प्रधानमंत्री बनने से पूर्व नरेंद्र मोदी ने लाखों पूर्व सैनिकों को आश्वस्त किया था कि वे सत्ता में आने के बाद सबसे पहले पूर्व सैनिकों की वन रैंक वन पेंशन का मुद्दा हल करेंगे मगर उसमें अनियमितताओं को जन्म देकर मौजूदा सरकार ने पूर्व सैनिकों को भी सड़कों पर आने के लिए मजबूर कर दिया।
असहिष्णुता के मुद्दे पर कलाकारों, फिल्मकारों, चित्रकारों आदि द्वारा अपने अवार्ड लौटाने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि सत्तापक्ष द्वारा ये कहना सही नहीं है कि उपरोक्त कलाकारों को कांग्रेस के समय ये अवार्ड दिए गए थे और मौजूदा सरकार के प्रति अपना गुस्सा जाहिर करने के लिए ही वे अपने अवार्ड लौटाने की प्रक्रिया कर रहे हैं।
जहां तक कलाकारों को सम्मानित करने का प्रश्न है तो तमाम सम्मानित कलाकारों ने अपनी पात्रता के हिसाब से ही अवार्ड लिए हैं न कि किसी पार्टी विशेष की वजह से।
उन्होंने मोदी के मेक इन इंडिया अभियान पर भी ये कहकर चुटकी ली कि उनके गुजरात में मुख्यमंत्री रहते हुए भी करोड़ों अरबों रुपयों के अनेक एमओयू साइन किए गए थे, मगर आज तक वे धरातल पर अमल में नहीं आ सके हैं। यही हाल अब मोदी के विदेशी दौरे के दौरान भी है।