संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। बारिश होने के दूसरे दिन भी शहर में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी रही। भादरा पार्क की दीवार फिर से गिर गई है और पार्क में पानी भरा रहा। अनाज मंडी क्षेत्र में कबीर दास चौक के पास सड़क के निर्माण वाले स्थान पर कार धंस गई। कड़ी मशक्कत के बाद लोगों ने कार को बाहर निकाला। वहीं, सीवरेज ओवर फ्लो होने के कारण घरों में दूषित पानी की सप्लाई होने की भी शिकायतें विभाग के पास पहुंचीं।
रविवार को दूसरे दिन भी मौसम सुहावना बना रहा। ठंडी हवा ने लोगों को गर्मी और उमस से काफी राहत दी। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार आने वाले तीन दिनों तक इसी तरह से मौसम में बदलाव होता रहेगा। कई क्षेत्रों में तेज बारिश के आसार हैं। वही शनिवार को हुई बारिश के कारण सुभाष बस्ती, रानियां रोड, ओवरब्रिज, चत्तरगढ़पट्टी, रेलवे फाटक और अन्य कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी रही। लोग समस्या को लेकर जन स्वास्थ्य विभाग में शिकायत करने के लिए पहुंचते रहे।
धान की फसल को मिला लाभ, नरमे की फसल को नुकसान की आशंका
शुक्रवार को हुई बारिश से धान की फसल को काफी लाभ मिला है, जबकि नरमे की फसल को कुछ नुकसान भी हुआ है। इस समय नरमे की चुगाई का काम चल रहा है। किसान धान की फसल में भी स्प्रे कर बीमारी दूर करने के लिए प्रयास करते हुए भी नजर आ रहे हैं, ताकि पत्ता लपेट सहित अन्य बीमारियों पर काबू पाया जा सके।
दो माह पहले ही बनाई थी दीवार
बारिश के कारण भादरा पार्क की बनी दीवार गिर गई है। करीब दो माह पहले ही इस पार्क की दीवार का निर्माण किया गया था। अनाज मंडी क्षेत्र में संत कबीर दास चौक के पास सड़क के निर्माण का काम किया जा रहा है। जलभराव होने के कारण यहां दलदल की स्थिति बन गई। इसके कारण यहां से गुजर रही एक कार गड्ढ़े में धंस गई।