सिरसा। शहर में नगर परिषद की ओर से बरसाती नालों की सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। डबवाली रोड पर युद्ध स्तर पर बरसाती नालों की सफाई जारी है। बरसाती लाइन में बड़े स्तर पर दुकानदार दुकानों का पानी डालते हैं। इस कारण उसमें पानी भरा हुआ है और कचरे के कारण पूरी तरह से ब्लाॅक हो गया है। सफाई एजेंसी की ओर से जेसीबी व कर्मचारियों की मदद से बरसाती नालों की सफाई करवाई जा रही है ताकि बारिश के समय में दिक्कत न आए।
डबवाली रोड के दोनों ओर बरसाती नाले बनाए गए हैं लेकिन चतरगढ़ पट्टी से लेकर एयरफोर्स स्टेशन तक एक ही ओर बरसाती नाला नजर आता है। एक नाला एयरफोर्स के सामने से गुजरता है जिसकी दो दिनों तक लगातार सफाई की गई है। इसके सामने की दिशा में नाले पर लोगों ने कब्जा किया हुआ है। इस कारण बारिश में सड़कों पर पानी जमा होता है।
विज्ञापन
इसी प्रकार पूर्व विधायक अभय चौटाला के घर के सामने और उनके घर से आगे एयरफोर्स स्कूल तक बरसाती नाले पर स्थायी तौर पर कब्जा किया हुआ है। लोगों ने पक्के थड़े बनाकर कब्जा कर रखा है। नगर परिषद की ओर से नाले से अतिक्रमण तक नहीं हटाया गया है जबकि कागज में आज भी यही नाला चल रहा है।
इसी प्रकार के हालात रचना पैलेस की ओर से बने बरसाती नाले के हैं। इसको पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। सांगवान चौक से अरोड़वंश चौक तक बरसाती नाले पर कब्जा है। हैरानी की बात है कि नगर परिषद की ओर से इन बरसाती नालों से कब्जे नहीं हटाए जा रहे हैं। जब तक इनसे कब्जे नहीं हटेंगे, बारिश के समय में पानी की निकासी कैसे होगी। भले ही करोड़ों रुपये के अमृत योजना के प्रोजेक्ट सरकार बनाती रहे।