रोड़ी। गांव फग्गु में अपने सैलून पर कटिंग कर रहे नाई पर कई युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।परिजनों ने उसे कालांवाली के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां से चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद नागरिक अस्पताल सिरसा रेफर कर दिया।
रोड़ी थाना पुलिस ने घायल कुलदीप सिंह के बयानों के आधार पर पंजाब के जिला मुक्तसर के गांव माना निवासी प्रगट सिंह समेत 7 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रोड़ी थाना पुलिस को दिए बयानों में गांव फग्गु निवासी कुलदीप सिंह (34) ने बताया कि वह शादीशुदा है और अपने मकान में बनी दुकान में सैलून का काम करता है।
सोमवार दोपहर 2:30 बजे के आसपास सैलून में गांव फग्गु निवासी नायब सिंह की कटिंग कर रहा था। तभी सात-आठ आदमी अपने हाथों में लाठी-डंडे व तेजधार हथियारों सहित उसकी दुकान के अंदर घुस आए। उनमें से एक प्रगट सिंह था व उसके साथ उसका भाई था।
उन्होंने आते ही तेजधार हथियार से हमला कर दिया और सिर पर चोट मारी। इसके अलावा साथ आए लोगों ने भी मारपीट की। वह अपनी दुकान से बाहर भागने लगा, तो प्रगट सिंह ने उसका रास्ता रोका लिया और फिर से उसके साथ मारपीट की। शोर मचाता हुआ किसी तरह से दुकान से बाहर आ गया। वहां पर उक्त लोगों ने उसके साथ मारपीट की और बाद में जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
रंजिश के चलते किया गया हमला
कुलदीप सिंह ने बताया कि उसके ऊपर रंजिश के चलते तेजधार हथियारों से हमला किया गया है। प्रगट सिंह के साथ उसी तलवंडी साबो पंजाब में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। उसी रंजिश के चलते प्रगट सिंह ने अपने भाई व अपने दोस्तों के साथ दुकान में घुसकर हमला किया है।