जीएसटी उत्सव के तहत दुकानदारों के बात करते राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला। स्रोत : पार्टी
टोहाना। राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला ने मंगलवार को टोहाना शहर में व्यापारियों और दुकानदारों से डोर टू डोर मुलाकात की और उन्हें जीएसटी कम होने की बधाई और शुभकामनाएं दीं। केंद्र सरकार की ओर से किए गए हालिया जीएसटी सुधारों पर उन्होंने विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर उन्होंने व्यापारियों और उपभोक्ताओं को वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) से संबंधित नई जानकारी प्रदान की और जागरूक किया कि इन सुधारों से देश व हरियाणा की अर्थव्यवस्था, उद्योग जगत और आम नागरिकों को सीधा लाभ होगा।
बराला ने बताया कि वर्ष 2017 में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जीएसटी परिषद का गठन हुआ था और समय-समय पर इसे बेहतर बनाने की मांग उठती रही। इसी क्रम में प्रधानमंत्री ने इस वर्ष 15 अगस्त को लाल किले से जीएसटी सुधार की घोषणा की और मात्र एक महीने में इसे लागू किया गया। नई व्यवस्था के तहत अब कुछ प्रमुख वस्तुएं 0 प्रतिशत स्लैब में आ गई हैं, जिससे ये पूरी तरह से कर मुक्त होंगी। इसके अतिरिक्त मुख्य रूप से दो जीएसटी स्लैब 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत बनाए गए हैं, जबकि लक्ज़री उत्पादों पर 40 प्रतिशत दर लागू की गई है और पुराने 12 प्रतिशत व 28 प्रतिशत स्लैब समाप्त कर दिए गए हैं।