सिरसा। बुजुर्ग कारोबारी की आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने की आरोपी महिला की जमानत जिला एवं सत्र न्यायालय ने नामंजूर कर दी है। आरोपी महिला एक यूट्यूब चैनल में काम करती है। इसके बाद आरोपी के अधिवक्ता ने याचिका वापस ले ली।
मामले के अनुसार पुलिस को दी शिकायत में दलीप कुमार निवासी नई अनाज मंडी सिरसा ने बताया कि वह एक सामाजिक कार्यकर्ता है और समाज हित के कार्यों में अक्सर भाग लेता है। सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान उसकी जान पहचान एक महिला से हो गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि युवती ने अपने पिता की बीमारी का हवाला देकर उससे मदद मांगी थी। अपने पिता की बीमारी के उपचार के लिए पांच लाख रुपये लिए थे। इसके बाद युवती ने वीडियो बनाकर वायरल करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी। जिसके बाद उक्त युवती की ओर से उससे 10 लाख रुपये की मांग की गई थी। युवती अब तक पांच लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा चुकी थी और बाकी राशि लेने के लिए लगातार दबाव बना रही थी। इसके बाद उसने शहर थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके पास से एक लाख रुपये की राशि बरामद की थी।