डबवाली। वरच्युस क्लब की ओर से 13 व 14 दिसंबर को किड्स किंगडम स्कूल के खेल मैदान में बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। क्लब के पीआरओ सोनू बजाज ने जानकारी देते हुए बताया कि टूर्नामेंट में केवल पुरुष खिलाड़ियों के बीच सिंगल व डबल मुकाबले कराए जाएंगे। सिंगल मुकाबलों में अंडर-15, 15 से 19, 19 से 35, 35 से 55 तथा 55 वर्ष से अधिक आयु वर्ग रखे गए हैं।
जबकि डबल मुकाबलों में अंडर-13, 13 से 21, 21 से 35, 35 से 55 व 55 प्लस आयु वर्ग शामिल किए गए हैं। इससे हर आयु वर्ग के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान खेल भावना, अनुशासन और फिटनेस को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा।
अलग-अलग वर्गों में विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। टूर्नामेंट को सफल बनाने के लिए क्लब प्रधान हरदेव गोरखी, परमजीत कोचर व भारत वधवा को प्रकल्प प्रमुख नियुक्त किया गया है, जो व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संपन्न करवाएंगे।
टूर्नामेंट में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी जल्द से जल्द अपनी प्रविष्टियां जमा करवा सकते हैं। सोनू बजाज ने कहा कि वरच्युस क्लब का यह आयोजन न केवल प्रतिस्पर्धा का मंच प्रदान करेगा, बल्कि युवाओं को नशे व गलत प्रवृत्तियों से दूर रखते हुए खेलों की ओर प्रेरित करने में भी अहम भूमिका निभाएगा। क्लब पदाधिकारियों ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।