सिरसा। जिले के निजी अस्पतालों में दूसरे दिन मंगलवार को भी आयुष्मान कार्ड पर मरीजों का इलाज नहीं किया गया। इसके कारण मरीजों को अस्पतालों से घर लौटना पड़ा या फिर भारी बिल का भुगतान कर इलाज करवाना पड़ा।
जिले में 80 के करीब निजी अस्पताल है। इनमें आयुष्मान कार्ड पर गरीब मरीजों का इलाज किया जाता है। निजी अस्पतालों के चिकित्सकों ने मांगे पूरी न होने पर इलाज बंद कर दिया गया है। दो दिनों से मरीज इलाज के लिए भटक रहे हैं। शहर के संजीवनी अस्पताल से सोमवार को चार मरीजों और मंगलवार को तीन आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों को बिना इलाज के लौटना पड़ा। यह हालात सभी निजी अस्पतालों में रहे। दो दिन में 200 मरीज बिना इलाज करवाए लौट रहे हैं।
विज्ञापन
हाथ में चोट लगने पर रुपये देकर करवाना पड़ा इलाज : रानियां चुंगी पर वेल्डिंग दुकानदार मदन ने बताया कि उसके दोस्त केलनियां गांव निवासी संदीप के रविवार को काम करते समय लोहे का टुकड़ा लगने से हाथ की नस कट गई। वह उसे लेकर डबवाली रोड स्थित दो निजी अस्पतालों में पहुंचा। यहां प्लास्टिक सर्जन उपलब्ध न होने के कारण ओवरब्रिज के नीचे स्थित अस्पताल में जाने का कहा गया। रविवार शाम वे करीब चार बजे अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अपने पास रखा संदीप का आयुष्मान कार्ड अस्पताल में दिखाया परंतु योजना के तहत उपचार बंद का कह दिया गया। बिना आयुष्मान के उपचार करवाने का खर्च पूछा तो 30 हजार रुपये जमा करवाने को बोला। मजबूरी में उन्हें नकद राशि देकर उपचार करवाना पड़ा। मंगलवार दोपहर तीन बजे पूरा भुगतान करने के बाद उनके मरीज को छुट्टी दी गई।
कोट्स
हमारे पास संदीप नाम के रोजाना कई मरीज आते हैं। ऐसा कोई मरीज हमारे पास नहीं आया। छह बजे आयुष्मान का स्टाफ चला जाता है, उसके बाद कोई मरीज आया होगा। -प्रदीप बूरा, मैनेजर, निजी अस्पताल