सिरसा। जननायक चौधरी देवीलाल विद्यापीठ से दो वर्षीय बच्ची का अपहरण की कोशिश करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों के चंगुल से उसे मुक्त कराया। इस घटना में बच्ची की नानी घायल हो गईं। दरअसल, बच्ची के नाना और मामा बाहर गए थे और बच्ची की मां प्रियंका की पहले ही मौत हो चुकी है।
परिजनों का आरोप है कि प्रियंका के पति और उसका जेठ दोनों गाड़ी लेकर आए और बच्ची को उठाकर अपने साथ ले गए। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रियंका के पति राकेश ने प्रियंका की हत्या की थी, जिसका केस कोर्ट में चल रहा है। अब राकेश और उसके दो भाई बच्ची का अपहरण करने और नानी को मारने की नीयत से आए थे।
प्रियंका सरकारी कर्मचारी थीं, उनकी बीमा पॉलिसी थी। उनके बीमा क्लेम की राशि लेने के लिए प्रियंका ने अपनी मां को नॉमिनी बनाया हुआ है। उसी क्लेम को पाने के लिए उनका पति राकेश यह षड़यंत्र रच रहा है। उसने पहले भी कोर्ट में क्लेम के लिए खुद को उत्तराधिकारी बताया था और बच्ची को अपने साथ होने की बात कही थी। मगर बच्ची अपने ननिहाल में रह रही थी। इसके चलते राकेश को क्लेम नहीं मिला।
बच्ची अपने ननिहाल में नाना-नानी के पास रहती थी। मामा राहुल जेसीडी में कोच हैं और नाना सहित पूरा परिवार जेसीडी में रहता है। आरोप है कि इसका का पता चलने पर आरोपी राकेश जेसीडी में आया। इस दौरान नाना व मामा दोनों बाहर गए हुए थे।