कालांवाली से विधायक बलकौर सिंह के घर में घुसकर एक व्यक्ति ने शुक्रवार हमला कर दिया। हमले में विधायक बलकौर सिंह के पुत्र इकबाल सिंह से मारपीट की गई। इसके बाद विधायक के मोबाइल पर कॉल करके उक्त व्यक्ति ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गांव कालांवाली निवासी आरोपी इंद्र सिंह के खिलाफ खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार गांव कालांवाली निवासी बलकौर सिंह कालांवाली हलके से अकाली दल के विधायक हैं। विधायक बलकौर सिंह ने बताया कि रात को गांव में ही रहने वाला इंद्र सिंह उनके घर में जबरन घुस आया और हमला कर दिया। इंद्र सिंह उसके पुत्र इकबाल सिंह से मारपीट करने लगा और बाद में फरार हो गया। इसके बाद आरोपी ने उसके मोबाइल नंबर पर कॉल करके जान से मारने की धमकी दी।
विधायक बलकौर सिंह का कहना है कि इंद्र सिंह विधानसभा चुनाव के दौरान से ही उनके साथ रंजिश पाले हुए हैं। इसी रंजिश के चलते उसने घर में घुसकर हमला किया। जांच अधिकारी सत्यवान ने बताया कि विधायक बलकौर सिंह के घर में घुसकर हमला करने वाले आरोपी इंद्र सिंह के खिलाफ जबरन घर में घुसने, हमला करने व धमकी देने का केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और शीघ्र ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।