पत्रकारों को संबाेधित करते अग्रोहा धाम वैश्य समाज के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं हरियाणा प
सिरसा। श्री अग्रवाल ट्रस्ट की ओर से आयोजित महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह में पहुंचे अग्रोहा धाम वैश्य समाज के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने सरकार से महाराजा अग्रसेन के नाम पर पीजीआई स्थापित करने और हिसार-फतेहाबाद-सिरसा रेल लाइन का काम शुरू करने की मांग की।
पत्रकारों से बातचीत में गर्ग ने कहा कि सिरसा सहित पश्चिमी हरियाणा के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के लिए बड़े शहरों में जाना पड़ता है। सिरसा में पीजीआई बनने से सिरसा, फतेहाबाद और आसपास के जिलों के अलावा पंजाब व राजस्थान के लाखों लोगों को लाभ मिलेगा।
गर्ग ने कहा कि सरकार को घोषणा के अनुसार हिसार-फतेहाबाद-सिरसा रेल लाइन परियोजना पर तुरंत काम शुरू करना चाहिए। करीब 93 किलोमीटर लंबी हिसार-सिरसा रेल लाइन को केंद्रीय बजट में मंजूरी मिलने के बावजूद काम शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि रेल संपर्क से आवागमन सुगम होगा। साथ ही व्यापार, उद्योग, कृषि और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कई रेल मंत्रियों की ओर से अग्रोहा धाम के मेले में रेल संपर्क को लेकर घोषणाएं की जा चुकी हैं। अब सरकार को इन्हें धरातल पर उतारना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से महाराजा अग्रसेन जयंती को राष्ट्रीय पर्व घोषित करने की मांग की।