सिरसा। कूरियर पहुंचाने के नाम पर ऑनलाइन पेटीएम से पांच रुपये ट्रांसफर करवाने के बाद शातिर ने एक महिला के खाते से एक लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस को दी शिकायत में सारिका पत्नी राजेश कुमार निवासी बणी ने बताया कि बीती छह अप्रैल 2023 को उसने खाने का सामान रिश्तेदारी में गुरुग्राम के लिए कूरियर किया था। सात अप्रैल को उसके पास एक नंबर से फोन आया कि आपका सामान गुरुग्राम में पहुंच गया है आप पांच रुपये पेटीएम कर दो। उसने उक्त व्यक्ति से कहा कि वह कूरियर की पूरी पेमेंट कर चुकी है। तो उक्त व्यक्ति ने बताया कि यह चार्ज है। इसके बिना वह कूरियर नहीं दे सकता। जिसके पश्चात उसने उक्त नंबर पर पेटीएम से पांच रुपये ट्रांसफर कर दिए। तब फिर उक्त व्यक्ति ने कहा कि जो आपके पास मैसेज आया है वह अन्य नंबर पर फॉरवर्ड कर दो। उक्त महिला ने बताए नंबर पर मैसेज फॉरवर्ड कर दिया। जिसके पश्चात आठ अप्रैल को उसके फोन पर मैसेज आया कि आपके अकाउंट से एक लाख रुपये निकाल लिए गए हैं। अब रानियां थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।