कालांवाली। ऑपरेशन क्लीन के तहत कार्रवाई करते हुए सीआईए कालांवाली टीम ने बेगू रोड शाह सतनाम सिंह चौक सिरसा क्षेत्र से चार लोगों को 18 किलोग्राम डोडापोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुखविंद्र सिंह निवासी वार्ड नंबर 13 मंडी कालांवाली, मुकंद सिंह उर्फ मंदर निवासी भलाईआना थाना कोट भाई जिला मुक्तसर पंजाब, कर्मजीत सिंह निवासी माछिके थाना निहाल सिंह वाला जिला मोगा पंजाब और मग्घर सिंह निवासी टल्लैवाला जिला बरनाला पंजाब के रूप में हुई है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ थाना शहर सिरसा में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीआईए कालांवाली प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजपाल सिंह ने बताया कि सीआईए कालांवाली पुलिस टीम के उप निरीक्षक राजवीर सिंह के नेतृत्व में एक टीम गश्त व चेकिंग के दौरान परशुराम चौक सिरसा से बेगू रोड शाह सतनाम सिंह चौक की ओर आ रहे थे। जैसे ही पुलिस पार्टी जब नजदीक शाह सतनाम सिंह चौक पर पहुंची, चार व्यक्ति सुखविंद्र सिंह, मुंकद सिंह, कर्मजीत सिंह, मग्घर सिंह अपने पास एक कट्टा प्लास्टिक लिए हुए खड़े थे। उक्त चारों व्यक्ति पुलिस पार्टी को अपनी तरफ आता देखकर घबरा गए और प्लास्टिक कट्टे को उठाकर भागने का प्रयास करने लगे। शक के आधार पर चारों व्यक्तियों को काबू करके राजपत्रित अधिकारी जयपाल एमईएमसी सिरसा की मौजूदगी में उनकी तलाशी ली गई तो उनके कब्जा से 18 किलोग्राम डोडापोस्त बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बतलाया कि यह डोडापोस्त खान नामक व्यक्ति हमें फेफाना बस स्टैंड पर देकर गया था।