संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। डिंग रोड स्थित एक घर में घुसकर हथियारबंद लोगों ने मां-बेटे पर हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर 11 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दिए बयान में डिंग रोड निवासी रामपाल ने बताया कि वह पानी टैंकर सप्लाई करता है। सोमवार रात को वह सामान लेने के लिए डिंग रोड पर गया था। इसी दौरान उसे दोस्त संदीप सिंह मिल गया। उसने संदीप से कहा कि शाम के समय क्या धक्के खाता घूम रहा है। संदीप के पास ही गांव पतली डाबर का राजबीर खड़ा था। इस पर राजबीर को लगा कि धक्के खाने वाली बात उसे देखकर बोली थी। रामपाल का आरोप है कि रात करीब 8 बजे राजबीर अपने साथी चंचल सिंह, कपिल, सरवन, बलवंत सिंह, कश्मीर, गुरदेव सिंह व चार अन्य के साथ उसके घर में घुस आया। सबके पास तेजधार हथियार थे। उक्त लोगों उसपर हमला बोल दिया। उसकी मां कृष्णा देवी उसे बचाने आई तो उस पर भी डंडों से हमला कर दिया। रामपाल के जीजा संतलाल ने शोर मचाना शुरू कर दिया तो हमलावर धमकी देकर भाग गए। इसके बाद संतलाल ने घायल रामपाल व उसकी मां कृष्णा देवी को सिविल अस्पताल पहुंचाया।