सिरसा। हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम द्वारा राज्य के अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके तहत, निगम द्वारा पात्र पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए ड्रोन पायलट प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थियों को अपने सभी आवश्यक दस्तावेज 15 अक्तूबर तक हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम कार्यालय, सिरसा में जमा करवाने होंगे।
जिला प्रबंधक कुलदीप सैनी ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का लाभ उठाने के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 वर्ष से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए और उनके परिवार की वार्षिक आय तीन लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता के तौर पर अभ्यर्थी का 10वीं पास होना अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए, अभ्यर्थियों को अपने साथ कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, सत्यापित परिवार पहचान पत्र, 10वीं मार्कशीट व दो पासपोर्ट साइज फोटो आदि लेकर बैंक कॉलोनी, मकान नंबर 5. प्रथम तल स्थित हरियाणा अनुसूचित जाति वित एवं विकास निगम कार्यालय (दूरभाष नम्बर 01666-244974) में किसी भी कार्यदिवस पर 15 अक्तूबर तक संपर्क कर सकते हैं।