सिरसा। हरियाणा महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं से राज्यस्तरीय पुरस्कारों के लिए 16 दिसंबर तक सिफारिशें आमंत्रित की गई हैं। इन पुरस्कारों के लिए आवेदन के लिए आवेदक अपना संपूर्ण बायोडाटा सहित संबंधित खंड के महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय में 16 दिसंबर तक जमा करवाएं ताकि आगामी प्रक्रिया की जा सकें।
विभाग की ओर से प्रतिवर्ष विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं को अनेक पुरस्कारों से सम्मानित किया जाता है और यह पुरस्कार प्रत्येक वर्ष अंतरर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर 8 मार्च को प्रदान किए जाते हैं। इन पुरस्कारों में इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार के तहत 1 लाख 50 हजार रुपये एवं प्रशस्ति पत्र, कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार के तहत 1 लाख रुपये एवं प्रशस्ति पत्र, बहन शन्नो देवी पंचायती राज पुरस्कार के तहत 1 लाख रुपये एवं प्रशस्ति पत्र, वूमेन आउटस्टेंडिंग अचीवर्स पुरस्कार के तहत 51 हजार रुपये तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है।
एएनएम,नर्स, महिला एमपीएचडब्ल्यू, साक्षर महिला समूह सदस्य, सरकारी कर्मचारी पुरस्कार, सामाजिक कार्यकर्ता पुरस्कार, महिला उद्यमी पुरस्कार, स्त्री शक्ति पुरस्कार, आंगनबाडी वर्कर पुरस्कार के तहत 21 हजार रुपये व प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे। इन पुरस्कारों के लिए आवेदन के लिए आवेदक अपना संपूर्ण बॉयोडाटा सहित संबंधित खंड के महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय में 16 दिसंबर तक जमा करवाएं। इन पुरस्कारों के संदर्भ में अधिक जानकारी के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग की वेबसाइट पर देखी जा सकती है।