कार पर बंडल रखकर भूल गईं शिक्षिका, रास्ते में गिर गया
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। हरियाणा के सरकारी स्कूलों की अर्धवार्षिक परीक्षाओं के बीच वीरवार को डबवाली क्षेत्र में एक घटना हुई। गांव मांगेआना रोड पर 12वीं की अंग्रेजी परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का एक बंडल सड़क पर लावारिस मिला। इससे शिक्षा विभाग में खलबली मच गई।
जांच में पता चला कि ये उत्तर पुस्तिकाएं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मांगेआना के कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों की थीं। गांव मांगेआना रोड से गुजर रहे एक ग्रामीण को यह बंडल मिला।
ग्रामीण ने सूझबूझ दिखाते हुए इसे सांवतखेड़ा स्कूल में कार्यरत अध्यापक कश्मीर सिंह को सौंप दिया। कश्मीर सिंह ने शिक्षकों के व्हाट्सएप और इंटरनेट मीडिया ग्रुप्स पर मैसेज जारी किया। इसके बाद अंग्रेजी अध्यापकों में खलबली मच गई।
उत्तर पुस्तिकाएं गिरने का कारण
पड़ताल में सामने आया कि यह बंडल मांगेआना स्कूल में कार्यरत अध्यापिका कुलविंदर का था। कुलविंदर ने बताया कि वह बुधवार को उत्तर पुस्तिकाएं जांचने के लिए घर ले जा रही थीं। स्कूल से निकलते समय उन्होंने बंडल कार की छत पर रखा और भूल गईं। कार चलने पर बंडल रास्ते में गिर गया था। सुबह जानकारी मिलने पर उन्होंने उत्तर पुस्तिकाएं सुरक्षित प्राप्त कर लीं। मांगेआना स्कूल के प्रिंसिपल उदयवीर सिंह ने मामले की जांच करवाने की बात कही।