ओढां। गांव नुहियांवाली में एक युवक पर गोलियां चलाने के मामले में भगौड़े गांव नुहियांवाली निवासी अंकित सहारण को पुलिस ने वीरवार को गिरफ्तार कर लिया। ओढां पुलिस को आरोपी की पिछले करीब चार माह से तलाश थी। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। पुलिस आरोपी से वारदात में प्रयुक्त पिस्तौल की बरामदगी करेगी।
वहीं इस मामले में पुलिस जेल में बंद दो अन्य आरोपियों गांव नुहियांवाली निवासी ईश्वर सहारण व गांव बहबलपुर निवासी बलराज का प्रोडक्शन वारंट हासिल करेगी। इन दोनों आरोपियों पर विकास पर गोलियां चलवाने का आरोप है। ओढां के कार्यवाहक थाना प्रभारी उपनिरीक्षक पवन कुमार ने बताया कि बीती 25 अप्रैल को गांव नुहियांवाली में चौपाल के निकट मोटरसाइकिल पर सवार कुछ नकाबपोश युवकों ने मोटरसाइकिल पर जा रहे युवक विकास नेहरा पर गोलियां चला दी थी। इस हमले में विकास को दो गोलियां लगी थीं।
इसके बाद पुलिस ने इस मामले में गांव नुहियांवाली निवासी अंकित सहारण व सोनू सहारण और फतेहाबाद निवासी दीपक, अर्शदीप, सिब्बू व मनोज के खिलाफ हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। इस मामले में पुलिस सोनू सहारण, दीपक व अक्षित सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
उपनिरीक्षक पवन कुमार ने बताया कि एक हत्या के मामले में जेल में बंद गांव नुहियांवाली निवासी ईश्वर सहारण व गांव बहबलपुर निवासी बलराज ने एक पोस्ट कर कहा था कि ये हमला उन्होंने करवाया है। इसके बाद पुलिस ने ईश्वर सहारण, बलराज व अक्षित को भी मामले में शामिल किया था। उन्होंने बताया कि पुलिस को इस मामले में मुख्य आरोपी अंकित सहारण की तलाश थी। आरोपी पिछले करीब चार माह से भूमिगत चल रहा था।