लावारिस पशुओं को पकड़ने के प्रशासन के अभियान को पहले दिन ही झटका लगा है। ठेकेदार ने बुधवार को शहर के रानियां रोड पर पशु पकड़ो अभियान चलाया।
अभियान के तहत टीम ने 20 लावारिस पशुओं को पकड़कर उन्हें गोशाला में भिजवा दिया। पशुओं को गोशाला में भेजने पर गोशाला संचालकों ने आपत्ति जताई है।
उनका कहना है कि गोशाला में जगह की कमी है। इस वजह से वे और पशुओं को नहीं रख सकते। इस विषय में एसडीएम ने बुधवार शाम गोशाला संचालकों की बैठक कर उन्हें निर्देश दिए।
लावारिस पशुओं की वजह से दस लोगों की जान जाने के बाद आखिरकार प्रशासन सड़क पर उतर ही आया। बुधवार को शहर के रानियां रोड पर पशु पकड़ो अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत टीम ने 20 लावारिस पशुओं को पकड़कर उन्हें गोशाला में भिजवा दिया। इन पशुओं पर प्रशासन की ओर से टैग भी लगवाए जा रहे हैं और इन पशुओं का मौके पर ही पंजीकरण भी कर दिया गया।
बुधवार को एसडीएम परमजीत सिंह चहल और तहसीलदार संजय बिश्नोई की उपस्थिति में लावारिस पशुओं को पकड़ने का अभियान शुरू किया गया।
लावारिस पशुओं को पकड़ने वाले ठेकेदार के 11 कर्मचारी पशु पकड़ने के लिए आए। प्रशासन की ओर से इनकी सुरक्षा के लिए पांच पुलिस के जवान और नगर परिषद के कर्मचारी और अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
शहर के लोगों ने भी प्रशासन की मुहिम का स्वागत किया और इस अभियान को जारी रखने की अपील की। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि प्रशासन ने जो जिम्मा उठाया है वह सराहनीय है।
पकड़े गए पशुओं का पंजीकरण
नगर परिषद ने पकड़े गए सभी बीस पशुओं पर हाथोंहाथ वेटनरी डॉक्टरों की मदद से टैग लगवाए और इनका पंजीकरण किया गया।
इस दौरान नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बीएन भारती और मुख्य सफाई निरीक्षक देवेंद्र बिश्नोई भी मौजूद रहे। दोनों ने अभियान में सहयोग दिया और सुबह से लेकर शाम तक अभियान में जुटे कर्मचारियों की हौसलाअफजाई की।
प्रशासन ने आज फिर बुलाई बैठक
लावारिस पशुओं की समस्या से निजात पाने के लिए प्रशासन ने बृहस्पतिवार को लघु सचिवालय में बैठक बुलाई है। बैठक में गोभक्तों और शहर के मौजिज लोगों को आमंत्रित किया गया है।
इस बैठक में गो रक्षकों से सहयोग मांगा जाएगा और शहर में जोन बनाकर पशु पकड़ने पर चर्चा की जाएगी। इस बैठक में फैसला लिया जाएगा कि पशु पकड़ने के लिए किस जोन में पहले काम किया जाए।
इसमें लोगों का सहयोग लेने पर भी मंथन किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सिरसा परमजीत सिंह चहल करेंगे। इसमें गोशालाओं को जमीन देने और आर्थिक मदद देने पर मंथन किया जाएगा।
गोशाला संचालकों ने अपनी समस्याएं बताई थीं। उन्हें कुछ पशु और रखने के लिए कहा गया है। बृहस्पतिवार को भी बैठक में उन्हें समझाया जाएगा।
- परमजीत सिंह चहल, एसडीएम, सिरसा
नगर परिषद की ओर से सुबह साढ़े दस बजे के करीब लावारिस पशुओं को पकड़ने के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है।
पहले दिन 20 पशुओं को पकड़कर अलग-अलग गोशालाओं में भेज दिया गया है। दस गाय श्री कृष्ण गोशाला में और दस चौधरी देवीलाल गोशाला में भेजी गई है।
- बीएन भारती, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद