रानियां मे बिजली की समस्या से परेशान लोग नारेबाजी करते हुए।
रानियां। शहर के वार्ड नंबर- तीन की गली दारा सिंह वाली में बिजली की तारें ढीली होने के कारण वीरवार को सारी रात बिजली नहीं आई। गलीवासियाें ने निगम के बने शिकायत केंद्र में इसकी शिकायत भी दर्ज करवाई।
शिकायत दर्ज करवाने के बाद भी ड्यूटीरत कर्मचारियों ने रात्रि में तारों को ठीक नहीं किया। जिसको लेकर लोगों में रोष पनप गया। सुबह गली के लोगों ने इकट्ठे होकर निगम व बिजली मंत्री के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने निगम के अधिकारियों व बिजली मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की।
जानकारी के मुताबिक वार्ड नंबर-तीन की गली दारा सिंह वाली में बिजली के पोल से तार ढीली होने के कारण बिजली नहीं आ रही थी। गलीवासी गुरमीत सिंह, मलकीत सिंह, राणा सिंह, मंगल सिंह, कुलदीप, गुरदीप सिंह, मेजर सिंह, सुविंद्र सिंह, दारा सिंह, स्वर्ण कौर, अमरो बाई, गुरजीत कौर, बंसो बाई ने बताया कि हमने इसकी शिकायत निगम के शिकायत केंद्र में दर्ज करवा दी। रात्रि में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी वहां पर आए और फिर तार ठीक किए वापस चले गए। लोगों ने बताया कि वह रात्रि 11 बजे तक कर्मचारियों की इंतजार करते रहे। बाद में कर्मचारी आए और कह दिया कि यह बिजली का पोल टेढा है, इसलिए इस पर चढ़ना खतरे से खाली नहीं है। पोल पर चढ़ने के लिए हमारे पास कोई इंतजाम नहीं है। ड्यूटीरत कर्मचारियों की लापरवाही की वजह से सारी रात उनके घरों में बिजली नहीं आई। जिसकी वजह से उन्हें परेशानी झेलनी पड़ी है। वह खेतिहर मजदूर हैं। रात्रि में ही उन्हें आराम करने का समय मिलता है। सुबह-सवेरे सभी काम पर निकल जाते है। गली के लोगों ने निगम के लापरवाह ड्यूटीरत कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इसके साथ ही बिजली के पोल से तार को कसवाकर उनकी बिजली सप्लाई को सुचारु करने की मांग रखी है।