15 फीट ऊपर से गिरा, बिजली निगम ने दिए हादसे की जांच के आदेश
ट्रांसफार्मर सप्लाई कट होने के बावजूद तारों में आया करंट, निगम ने दिया पीड़ित परिवार को सहायता का आश्वासन
दो साल पहले हुई थी शादी, 2 साल पहले निगम में लगी थी नौकरी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। हुडा सेक्टर-20 में बिजली सप्लाई ठीक करने के दौरान करंट लगने से एएलएम की मौत हो गई। 26 वर्षीय अमन गांव दड़बी का रहने वाला था। बिजली निगम ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं। एसडीओ व एक्सईएन जांच कर रिपोर्ट सौंपेंगे। एसई कुलदीप अत्री का कहना है कि बिजली निगम पीड़ित परिवार की हर प्रकार से सहायता करेगा।
अमन दो साल पहले बिजली निगम में एएलएम के पद पर भर्ती हुआ था। मंगलवार शाम को हुडा सेक्टर-20 में बिजली सप्लाई बाधित होने की सूचना पर वह अपने दो साथियों के साथ निगम की गाड़ी में सेक्टर-20 पहुंचा। वह बिजली के खंभे पर चढ़कर खराबी को ठीक कर रहा था कि अचानक जोरदार धमाके के साथ उसे करंट लगा।
इससे वह 15 फीट ऊपर से नीचे आ गिरा। नीचे खड़े साथियों ने उसे संभाला और उसे तुरंत निजी अस्पताल में ले गए। डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे दूसरे अस्पताल में ले जाने की सलाह दी। इसके बाद अमन को नागरिक अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टर ने उसकी जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया।
अमन की शादी दो साल पहले हुई थी। उसका एक साल का बेटा है। बिजली कर्मचारियों का कहना है कि ट्रांसफार्मर की बिजली सप्लाई काटी हुई थी। इसके बावजूद तारों में करंट आ गया।
सिविल लाइन थाना प्रभारी बलराज का कहना है कि मृतक अमन के पिता अशोक कुमार के बयान पर पुलिस ने इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की है।
कोट्स
हादसे के कारणों की जांच के आदेश दिए गए हैं। एसडीओ व एक्सईएन इसकी जांच करेंगे। बिजली निगम पीड़ित परिवार के साथ है। निगम की ओर से पीड़ित परिवार की हर प्रकार से सहायता की जाएगी।
-कुलदीप अत्री, एसई बिजली निगम सिरसा