संवाद न्यूज एजेंसी
रानियां। गांव भून्ना, चक्कां, घोड़ांवाली, गिंदड़ा व सादेवाला के किसानों को भाखड़ा का पानी मुहैया करवाने वाली सादेवाला नहर के निमार्ण कार्य में धांधली का आरोप लगाते हुए क्षेत्र के किसानों ने प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर भाजपा चक्कां मंडल अध्यक्ष विरेन्द्र छापौला ने मौके पर पहुंचकर किसानों की समस्या सुनी। इसके बाद नहरी विभाग से एसडीओ व जेई ने नहर का निरीक्षण करवाया। इस मौके पर अधिकारियों ने किसानों को निमार्ण कार्य की खामियों को दूर करने का आश्वासन दिया।
विरेंद्र छापौला ने बताया कि सादेवाला नहर के पुनर्निर्माण में ठेकेदार द्वारा घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है तथा नहर का लेवल भी सही नहीं हैं। इसको लेकर किसानों ने कई बार विभागीय अधिकारियों को लिखित में शिकायत भी दी। उन्होंने कहा कि गांव भून्ना, चक्कां, घोड़ावाली, गिंदड़ा व सादेवाला के किसानों को सिंचाई के लिए तथा गिंदड़ांवासियों को पीने के लिए प्रर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध नहीं होता। किसानों ने इस समस्या को लेकर बीते दिनों खारियां में आयोजित रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान जिला अतिरिक्त उपायुक्त के समक्ष रखा था। इस पर उन्होंने जेई को नहर निमार्ण कार्य की जांच के आदेश दिए थे।
सोमवार को किसानों ने मौके पर नहरी विभाग से एसडीओ व जेई को बुलाकर नहर निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही व लेवल की समस्या से अवगत करवाया। इस अवसर पर अमर सिंह छापौला सरपंच चक्कां, जसवंत घोड़ेला सरपंच गिंदड़ां, प्रवीण कुमार सरपंच प्रतिनिधि सादेवाला, सुभाष टाक सरपंच प्रतिनिधि भून्ना सहित गांव मैहनाखेड़ा, खारियां, भून्ना, चक्कां, सादेवाला व घोड़ांवाली से किसान मौजूद रहे।
नहर निर्माण में कोई भी लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। कई बार अधिकारियों को कहा जा चुका है। अंतिम छोर के किसानों तक भाखड़ा नहर और घग्गर का बरसाती पानी पहुंचाने के लिए प्रयास जारी रहेंगे। - शीशपाल कंबोज, भाजपा जिला अध्यक्ष।
निमार्ण कार्य के दौरान ही नहर में पानी छोड़े जाने के कारण दीवारों में दरार आ गई थी। इसको दुरूस्त करवा दिया जाएगा। किसानों की शिकायत है कि नहर का लेवल सही नहीं है और टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है। ऐसे में किसानों को पुन: लेवल चेक करवाकर संतुष्टि करवा दी जाएगी। - नरेश कुमार, एसडीओ, नहरी विभाग सिरसा।