सिरसा। शहर की बदहाली पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा ने गहरी चिंता जताई है। इसे सुधारने के लिए उन्होंने जिला उपायुक्त, डीएमसी और एसपी से नगर का भ्रमण कर व्यवस्था में सुधार का आग्रह किया है।
प्रेस को जारी बयान में पीसीसी के प्रतिनिधि राजकुमार ने बताया कि जिले के आला प्रशासनिक अधिकारी जब स्वयं शहर का भ्रमण करेंगे तो उन्हें शहरवासियों की दुख तकलीफ के बारे में पता चल पाएगा। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों ने पूरा शहर कई जगह से उधेड़ डाला है। एक काम पूरा होने से पहले ही दूसरी जगह गड्ढे खोदे जा रहे हैं। लोग धूल-मिट्टी से परेशान हैं।
शर्मा ने बताया कि सुरखाब चौक से चांदनी चौक तक स्टॉर्म वाटर पाइपलाइन के लिए सड़कें तोड़कर काम बीच में ही छोड़ दिया गया। शहर के भादरा बाजार, रानियां रोड, डबवाली रोड, शिवपुरी रोड, गोल डिग्गी, काठ मंडी, बेगू रोड, शिव चौक, लालबत्ती चौक समेत बाजार की सभी सड़कों को सुधारने की जरूरत है।