मांगों को लेकर धरने पर बैठे सफाई कर्मचारी।
रानियां। रानियां नगर पालिका के अधीनस्थ कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर नपा कार्यालय में सोमवार को धरना लगाया। सफाई कर्मचारियों ने करीब पांच घंटे काम बंद रखा और अपनी मांगों को मनवाने के लिए धरने पर बैठे रहे। शहर में सफाई व्यवस्था बिगड़ती देख नगरपालिका प्रशासन ने सफाई कर्मचारियों की मांगों को स्वीकार किया।
सफाई कर्मचारियों की जूते व साबुन की मांगों के लिए जेई, अकाउंटेंट व एसआई की कमेटी गठित की है, जो आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर 28 फरवरी तक बकाया जूते व साबुन उपलब्ध करवाएगी। इसके बाद सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर अपने अपने काम पर लौटे। कर्मचारियों की मांगों के बारे में रानियां इकाई से प्रधान सोमपाल पुहाल ने बताया कि वर्ष 2020 में कोरोना काल के समय सभी सफाई कर्मचारियों का 10 महीनों का साबुन बकाया है और अभी तक के जूते, जनवरी महीने का वेतन बकाया है। इसको लेकर उन्होंने कई बार नगरपालिका प्रशासन को अपनी समस्या से अवगत करवाया, लेकिन अभी तक उनका कोई समाधान नहीं हुआ।
इस कारण मजबूर होकर उन्होंने काम छोडकर हड़ताल पर बैठने को मजबूर हुए। इसके साथ पुहाल ने डोर टू डोर के सभी सफाई कर्मचारियों का वेतन प्रत्येक महीने की सात तारीख तक उनके खाते में डालने की मांग रखी। इस अवसर पर नगरपालिका वाइस चेयरमैन रमेश कुमार, सचिव विक्रमजीत, नगरपालिका कर्मचारी संघ के इकाई प्रधान सोमपाल पुहाल सहित दर्जनों सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।
-
सफाई कर्मचारियों की जूते व साबुन की मांगों के लिए जेई, अकाउंटेंट व एसआई की कमेटी गठित की है, जो आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर 28 फरवरी तक बकाया जूते व साबुन उपलब्ध करवाएगी। इसके अतिरिक्त डोर टू डोर के सफाई कर्मचारियों के जनवरी का बकाया पड़े वेतन के लिए ठेकेदार से बात कर तुरंत उनके बैंक खाते में डलवा दी गई है और एजेंसी को सफाई कर्मचारियों का वेतन प्रत्येक महीने की सात तारीख तक भुगतान करने के लिए नोटिस दे दिया गया है।
- विक्रमजीत, नगरपालिका, सचिव, रानियां।