संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। एंटी नारकोटिक्स सेल की हिरासत में युवक आकाश की मौत मामले में परिजनों ने शनिवार को नागरिक अस्पताल में रोष जताया। इसके बाद उन्होंने एसपी विक्रांत भूषण से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की। एसपी के आश्वासन के बाद परिजनों शव लेकर गांव चले गए। यहां पर दोपहर बाद आकाश का अंतिम संस्कार किया गया।
एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने वीरवार देर रात को नशा सप्लाई के मामले में गांव चक साहिब के युवक आकाश को घर से काबू किया था। पुलिस की हिरासत में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाकर परिजनों को सूचित कर दिया था। परिजनों ने पुलिस पर आकाश को प्रताड़ित कर मारने का आरोप लगाया था।