सिरसा। बेगू रोड स्थित लोहिया बस्ती में जननायक जाट छात्रावास में रविवार को लाइब्रेरी की नींव रखी गई। इस अवसर पर जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्था के संरक्षक चौधरी अजय सिंह चौटाला ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत हुए। चौटाला ने भूमि पूजन में भाग लिया और लाइब्रेरी निर्माण की ईंट लगाई।
इससे पूर्व सरसाईं नाथ मंदिर के गद्दीनशीन महंत सुंदराई नाथ द्वारा ईंट को हाथ लगा कर लाइब्रेरी निर्माण के लिए आशीर्वाद दिया गया। चौधरी अजय सिंह चौटाला ने कहा कि इस लाइब्रेरी में जरूरतमंद परिवारों के विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने का मौका मिलेगा। जो परिवार अपने बच्चों को तैयारी के लिए कोटा या दिल्ली नहीं भेज सकते उनके लिए यह संस्था कारगर साबित होगी। इस मौके पर संस्था के प्रधान चौधरी मोहन लाल झोरड़ ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और पूजन कार्यक्रम में भाग लिया। जननायक छात्रावास में आगे बढ़ने वाले जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को तैयारी करने के लिए बेहतर मंच प्रदान किया जाएगा। इस मौके पर अजब सिंह, विजय सिंह, हरी सिंह चाहर, अजय सिंह झोरड़, मनफूल सिहाग, शिशपाल झोरड़ आदि मौजूद रहे।