ऐलनाबाद। शहर में डोर टू डोर सफाई का टेंडर लेने वाली डिंग मैनपावर का बड़ा कारनामा सामने आया है। एजेंसी की ओर से सरकार के नियमों को दरकिनार कर सफाई को नकद वेतन जारी किया गया। वेतन के तौर पर महज सात हजार रुपये दिए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर परिषद सचिव रविंद्र कुमार ने तुरंत प्रभाव से एजेंसी की दो लाख रुपये की भुगतान रोक दिया है।
इसमें पार्षद प्रतिनिधि की संलिप्ता भी संदिग्ध पाई गई है। हैरानी की बात है कि एजेंसी ने पार्षद प्रतिनिधि को ऐलनाबाद की डोर टू डोर की जिम्मेदारी दी हुई है। सचिव ने आदेश जारी किए कि सरकार के नियमानुसार वेतन सभी कर्मचारियों के खाते में पहले डाला जाएगा। वहीं, एजेंसी लिखित में दे कि भविष्य में इस प्रकार की गलती नहीं होगी। अन्यथा एजेंसी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
गौरतलब है कि सरकार व नगर पालिका के नियमानुसार ठेकेदार की ओर से सफाईकर्मियों को बैंक अकाउंट के माध्यम से वेतन दिया जाना चाहिए, ताकि पता चल सके कि ठेकेदार सफाईकर्मियों को कितना वेतन देता है। वेतन समय पर मिल रहा है या नहीं। कर्मचारियों का पीएफ व ईएसआई कट रहा है या नहीं।
एजेंसी ठेकेदार ने चालाकी खेलते हुए पार्षद प्रतिनिधि के साथ मिलकर दो माह से नकद वेतन जारी करना शुरू कर दिया। जो कर्मचारियों का आधा वेतन मात्र है। कर्मचारियों के अनुसार, ठेकेदार की ओर से सफाईकर्मियों को रेडियम जाकेट, वर्दी, दास्तानें, मास्क व अन्य सामान भी उपलब्ध नहीं करवा जा रहे हैं।
इस संबंध में जब कोई सफाई कर्मी आवाज उठाता है तो उसे नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। इसी का फायदा उठाकर आधा वेतन नकद में देकर धांधली की जा रही है।
सिरसा में भी ठेकेदार के कर्मचारी पाए गए थे कम
डिंग मैनपावर की कार्यप्रणाली लंबे समय से विवादों में रही है। छह माह पहले जब सिरसा में विधायक गोकुल सेतिया ने कर्मचारियों की हाजिरी जांची थी तो कर्मचारी कम मिले थे। इसके बाद नगर परिषद ने जुर्माना लगाया था। अब ऐलनाबाद में नकद सैलरी का मामला सामने आया है। ऐसे में डिंग मैनपावर की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लग गया है।
मामला मेरे संज्ञान में आया है। सफाई कर्मचारियों का वेतन अकाउंट में ही डाला जाएगा। एजेंसी का भुगतान रोक दिया गया है। एजेंसी को नगर पालिका की ओर से नोटिस जारी किया गया है कि वह सफाईकर्मियों को सरकार की ओर से निर्धारित वेतन दे और उसका रिकॉर्ड प्रस्तुत करें। पालिका अकाउंटेंट को आदेश दिया है कि वह सफाईकर्मियों के अब तक के पूरे वेतन की रिपोर्ट तैयार करें, ताकि सफाई कर्मियों को जब से वे लगे हैं। जिन पैसा कर्मचारियों को बनेगा सारा बतौर वेतन दिलवाया जाएगा।
-
रविंद्र सिंह, सचिव नगर पालिका, ऐलनाबाद।
-
मुझे इस विषय पर कोई जानकारी नहीं है। आप इस विषय पर पार्षद प्रतिनिधि राकेश से बात करो। वही सब देखता है।
-
ब्रजलाल पचार, ठेकेदार, डिंग मैनपावर कंपनी
-
कर्मचारियों को नकद वेतन दिया गया है। मेरे पास कर्मचारियों के हस्ताक्षर की गई रिपोर्ट है। इस संबंध में मैं इतना ही बता सकता हूं।
- राकेश कुमार, वार्ड 8, पार्षद प्रतिनिधि।