डबवाली। गांव चौटाला में सीवरेज लाइन बिछाने के बाद मानकों की अनदेखी करते हुए गलियों में बिना ठोस भराई किए सीधे मिट्टी पर सीमेंट-कंक्रीट (सीसी) की परत डालने के विरोध के बाद प्रशासन हरकत में आया है। सोमवार को निर्माण कार्य में उपयोग हो रही सामग्री के सैंपल भरवाए गए हैं। एसडीएम अर्पित संगल की मौजूदगी में जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन की निगरानी में जांच के लिए लैब भेज दिया गया।
दरअसल, ग्रामीणों ने इस लापरवाही और तकनीकी अनियमितता से नाराजगी जाहिर करते हुए रविवार को प्रदर्शन किया था। इस दौरान ग्रामीणों के बीच विधायक आदित्य देवीलाल चौटाला भी पहुंचे। वहीं, जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ विशाल ज्याणी और जेई दीपक कुमार ने निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
ग्रामीणों ने लगाए आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि सीवरेज लाइन बिछाने के बाद मानक प्रक्रिया के अनुसार पहले गड्ढों और कटावों की ठोस भराई की जानी चाहिए थी, ताकि उस पर बनाई जाने वाली सीसी लेयर टिकाऊ और मजबूत रहे। ठेकेदार ने इस प्रक्रिया को दरकिनार करते हुए सीधा सीसी कार्य शुरू करवा दिया। इससे सीसी लेयर के नीचे की मिट्टी भविष्य में बैठ सकती है। ऐसे में सीमेंट की परत टूटने लगेगी और गलियों की स्थिति और भी खराब हो जाएगी।
युवा व किसान नेता भी आए एकमंच
युवा कांग्रेस नेता कुंवरवीर हिटलर, किसान नेता राकेश फगोडिया, दया राम उल्हानिया, बहादुर सिंह छींपा समेत अनेक ग्रामीणों ने इस घटिया निर्माण कार्य का कड़ा विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार की ओर से तकनीकी मानकों की अनदेखी की जा रही है। इससे यह कार्य अस्थायी समाधान बनकर रह जाएगा और जल्द ही आमजन को फिर से परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उनका कहना था कि जब सरकारी धन खर्च हो रहा है तो कार्य की गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
प्रशासन से की थी जांच की मांग
इससे पहले रविवार को ही ग्रामीणों ने उपमंडल अधिकारी अर्पित संगल को दूरभाष पर पूरे मामले से अवगत करवाते हुए तुरंत निर्माण कार्य की जांच कराने की मांग की थी। इसके बाद प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए सोमवार को मौके पर निरीक्षण कर कार्रवाई शुरू की।
निर्माण कार्य में प्रयोग करने वाली सामग्री के चार जगह से सैंपल लिए गए हैं और सैंपल रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- विशाल ज्याणी, एसडीओ। जन स्वास्थ्य विभाग, डबवाली
गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का कोई समझौता नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- आदित्य देवीलाल, विधायक, डबवाली।