जहरीला पदार्थ निगलने के बाद युवक की मौत मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस कर्मी । संवाद
- फोटो : Sirsa
चोपटा। चोपटा थाना क्षेत्र के गांव हंजीरा में राजस्थान के रामपुरा निवासी युवक ने जहरीला पदार्थ निगल आत्महत्या कर ली। ग्रामीणों ने युवक का शव नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। यहां मृतक के परिजनों ने हंजीरा निवासी युवती पर आत्महत्या करने के लिए उकसाने का आरोप लगाया और पुलिस को मामले की शिकायत दी है। पुलिस ने युवती के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौत का कारण रिश्ता टूटना बताया जा रहा है ।
राजस्थान के गांव रामपुरा निवासी 22 वर्षीय युवक विजय कुमार का कुछ समय पहले हंजीरा निवासी युवती के साथ रिश्ता तय हुआ था। किसी कारण के चलते रिश्ता टूट गया। इसके बाद युवक विजय कुमार मंगलवार को लड़की से मिलने के लिए गांव हजीरा में पहुंचा और यहां उसने जहरीला पदार्थ निगल जीवनलीला समाप्त कर ली। बताया जा रहा है उक्त लड़की ने उसे फोन कर अपने घर पर बुलाया था। इसके बाद युवती के परिजनों ने मामले की जानकारी युवक के परिजनों को दी है और शव को नागरिक अस्पताल में पहुंचा दिया। मृतक के पिता रामप्रताप की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आत्महत्या करने के लिए उकसाने पर उक्त युवती पर मामला दर्ज किया है और शव का पोस्टमार्टम करवा मृतक के परिजनों को दे दिया।
जहरीला पदार्थ निगलने से युवक की मौत हुई है। मृतक के पिता के बयान पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। - सत्यवान, जांच अधिकारी, चोपटा थाना सिरसा।