नेशनल कॉलेज में स्नातकोत्तर में दाखिले के लिए कागजात वेरिफिकेशन के पहले दिन अन्य विश्वविद्यालयों के करीब 48 बच्चों ने अपने कागजात की वेरिफिकेशन करवाई। वहीं सीडीएलयू स्नातक परीक्षाओं का परिणाम न आने से काफी विद्यार्थियों को बिना वेरिफिकेशन के वापस जाना पड़ा। स्नातकोत्तर कक्षाओं में दाखिले के लिए वेरिफिकेशन करवाने के लिए अभी दो दिन शेष है। इसके बाद 11 जुलाई को मेरिट लगनी है। विद्यार्थियों में सीडीएलयू का परीक्षा परिणाम घोषित न किए जाने से काफी नाराजगी है।
जानकारी के अनुसार नेशनल कॉलेज में स्नातकोत्तर के लिए हिंदी, साइकोलॉजी, अंग्रेजी, इकनामिक्स, पंजाबी, राजनीति विज्ञान और इतिहास में कुल 280 सीटें हैं। कॉलेज में दाखिलों के लिए 280 सीटों पर 394 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। आवेदन के बाद विद्यार्थियों को शुक्रवार से दाखिले के लिए कागजात वेरिफाई करवाने के लिए कॉलेज में बुलाया था। पहले दिन 48 विद्यार्थियों ने ही अपने कागजात वेरिफाई करवाए। ये 48 विद्यार्थी सीडीएलयू के न होकर दूसरे विश्वविद्यालयों के थे। वेरिफाई कर रहे स्टाफ मनदीप कौर तथा भारत भूषण ने बताया कि अधिकतर बच्चे इस कारण से वापस चले गए कि उनका अभी तक स्नातक कक्षाओं का परिणाम जारी नहीं किया गया है। अपने कागजात वेरिफाई करवाने आई रेखा ने बताया कि उनका दाखिला इस कारण से नहीं हो रहा है कि उनका अभी तक स्नातक के अंतिम सेमेस्टर का परिणाम नहीं आया है। इसके लिए उन्होंने अपने स्तर पर कॉलेज से बात की तो उन्हें बताया कि जल्द ही उनका परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। छात्रा निशा तथा सुमन ने बताया कि इस कारण से अगर एक दो दिन परिणाम नहीं आता है तो वह पहली मेरिट सूची से वंचित रह जाएंगी।
11 जुलाई को जारी की जाएगी पहली सूची
स्नातकोत्तर में दाखिलों को लेकर सात जुलाई तक कागजात की वेरिफिकेशन की जाएगी। जिसके बाद 11 जुलाई को पहली सूची जारी कर बच्चों को दाखिले के लिए नाम दिए जाएंगे। परिणाम ना आने वाले बच्चों ने बताया कि अगर परिणाम नहीं आया तो उनका पहली सूची में नाम नहीं आएगा और उन्हें उनके पसंद के कॉलेज नहीं मिलेंगे।
परिणाम को लेकर छात्रों ने विवि में कुलपति से मुलाकात
बीते पांच दिन पूर्व परिणाम कबो लेकर एबीवीपी के छात्र सुमित, सौरभ, गोरव, मनोज तथा अन्य छात्र चौ. देवी लाल विश्वविद्यालय में पहुंचे और कुलपति को अपनी शिकायत बताई कि उनका अंतिम वर्ष का परिणाम अभी तक नहीं आया है जिस करण से कोई भी छात्र कहीं भी दाखिला नहीं ले सकता है। सभी विवि और कॉलेजों में दाखिले के लिए आवेदन तथा कागजात वेरिफिकेशन शुरू हो चुकी है। अगर उनका समय पर परिणाम नहीं आया तो लगभग सभी छात्र दाखिले से वंचित रह जाएंगे। विवि के कुलपति ने सभी छात्रों को पांच दिन का समय दिया कि उनका परिणाम घोषित हो जाएगा। लेकिन आज पांच दिन बीतने के बाद भी कोई परिणाम जारी नहीं किया गया है। और छात्रों को दाखिले के लिए बिना कागजात वेरिफिकेशन के जाना पड़ रहा है।
वर्जन
स्नातक परीक्षाओं का परीक्षा परिणाम न आने से छात्र-छात्राओं को स्नातकोत्तर कक्षाओं में दाखिला लेने में समस्या आ रही है। हम हायर एजुकेशन विभाग को पत्र लिखकर वेरिफिकेशन की तिथि को आगे बढ़ाने की मांग करेंगे।
रामकुमार जांगड़ा, प्रिंसिपल, नेशनल कॉलेज, सिरसा