रानियां। गांव फतेहपुरिया मार्ग पर 35 एकड़ भूमि पर से प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कब्जाधारियों से कब्जा छुड़वाया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट रानियां के नायब तहसीलदार हरिश्चंद्र बिजरानिया के नेतृत्व में जमीन से कब्जा छुड़वाने की कार्रवाई की गई।अनहोनी का आशंका देखते हुए इस मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती रही।
प्रशासन ने शांतिपूर्ण ढंग से कब्जा छुड़वाने की कार्रवाई को अंजाम दिया। ट्रैक्टरों की सहायता से गेहूं की फसल को नष्ट करने की कार्रवाई की गई। बता दें कि डेरा बाबा शिवाला वाक्य तालाब कि 35 एकड़ भूमि पर कई लोगों ने वर्षों से कब्जा किया हुआ था। मामला न्यायालय में विचाराधीन था। डेरा के महंत दत्त गिरी ने न्यायालय में इस संबंध में केस किया हुआ था। उन्होंने बताया कि 1997 में न्यायालय का आदेश उनके हक में आया था। तब से वह इस जमीन से कब्जा छुड़वाने के प्रयास कर रहे थे। कोर्ट के आदेश पर बुधवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार हरिश्चंद्र बिजरानिया भारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और कब्जा छुड़वाने की कार्रवाई शुरू की। इस कार्रवाई का कोई विरोध नहीं हुआ ।