चोपटा। दिल्ली के प्रगति मैदान में परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के विद्यार्थियों से बातचीत करेंगे। 29 जनवरी को होने वाले इस परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में हरियाणा की दो छात्राएं भी भाग लेंगी। इसमें से एक जिले के गांव नाथूसरी कलां के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल की दसवीं कक्षा की छात्रा तनिषा पुत्री सुनील कुमार भी भाग लेंगी।
बता दें कि परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में पहले विद्यार्थियों का पंजीकरण करवाया गया था। जिसमें चयनित विद्यार्थी को प्रधानमंत्री से सीधे बातचीत करने का अवसर मिलेगा। प्राचार्य सतवीर सिंह ढिढारिया ने बताया कि बोर्ड परीक्षा को लेकर बच्चों के मन में जो डर और तनाव होता है, उसे समाप्त करने के लिए हर साल परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम प्रधानमंत्री के पीएमओ कार्यालय द्वारा आयोजित किया जाता है।
बाल भवन दिल्ली में आज करेंगी रिपोर्ट
इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को गणतंत्र दिवस पर आयोजित परेड को देखने का अवसर भी मिलेगा। छात्रा वीरवार को बाल भवन दिल्ली में रिपोर्ट करेगी। वहां पर उसके रहने तथा अन्य व्यवस्था का प्रबंध पीएमओ कार्यालय द्वारा किया गया है। छात्रा के साथ एक महिला अध्यापिका सोनिका पीजीटी कॉमर्स भी उनके साथ गईं हैं।