संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। दिवाली को धूमधाम से मनाने को लेकर लोगों में उत्साह है। इसके साथ ही प्रशासन ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। स्वास्थ्य विभाग व दमकल विभाग अलर्ट मोड पर हैं। बिजली की सुचारू आपूर्ति के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई हैं। बाजारों में भीड़ को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
शनिवार को जिलेभर में मां लक्ष्मी की पूजा को लेकर खरीदारी करते नजर आए। बाजारों में पुलिस रात तक यातायात व्यवस्था बनाने में लगी रही। दिवाली पर जिला प्रशासन की ओर से स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन और दमकल विभाग की एमरजेंसी सेवाओं लेकर विशेष ड्यूटी लगाई गई है। सरकारी अवकाश होने के बावजूद नागरिक अस्पताल में एमरजेंसी सेवाएं चिकित्सक देंगे। नागरिक अस्पताल में एमरजेंसी सेवाओं के 01666-240155 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त दमकल, पुलिस और एंबुलेंस सेवाओं को लेकर 112 सरकार की ओर से जारी किया गया है। 112 नंबर होने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेने के लिए कर्मचारियों की नियमित रूप से ड्यूटी लगाई हुई है।
बॉक्स
पुलिस सुरक्षा के बीच लोगों ने की खरीदारी
बता दें कि शनिवार को दिवाली से पहले खरीदारी करने के लिए बाजारों में शनिवार को दिनभर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। प्रशासन की ओर से बाजारों में दमकल, एंबुलेंस व पुलिस बल तैनात रहा। यातायात व्यवस्था बनाने को लेकर भी पुलिस की टीमें गश्त करती हुई नजर आईं। शहर के रोड़ी बाजार, मोहंता मार्केट, सदर बाजार, हिसारिया बाजार की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखने को मिली। दीयो, मिठाई, घर की सजावट के लिए सामान, लड़ियों, कपड़ों, जूतों सहित अन्य सभी दुकानों पर भीड़ लगी रही। बाजारों में भीड़ के दौरान कोई हादसा होने की व आग लगने की घटना को लेकर दमकल विभाग की ओर से बरनाला रोड स्थित सदर थाना, शहर थाना भवन के पास, सतनाम चौक, ऑटो मार्केट, सहित अन्य स्थानों पर दमकल की गाड़ियों को तैनात किया है। बाजार व शहर में किसी भी स्थान पर कोई घटना होती है तो तुरंत दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच सके। स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीमों को बाजारों में अलर्ट रखा गया है। मोबाइल वैन सहित एंबुलेंस को शहर के अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया है। पुलिस की ओर से भी मोटरसाइकिल, गाड़ी और पैदल बाजारों में गश्त की जा रही है। ताकि चोरी, छीना झपटी की कोई भी वारदात को अपराधी अंजाम न दे सके।
पूजा सामग्री व दीये खरीदे
दिवाली पर मां लक्ष्मी और गणेश की पूजा करते हैं। इस दौरान दीये, देवी देवाओं की मूर्तियाें और अन्य पूजा सामग्री की दुकानों पर भीड़ लगी रही। दीयों की दुकानों पर महिलाएं और युवतियां खरीदारी करती नजर आईं।
शाम 5 बजकर 40 मिनट से लेकर 7 बजकर 36 मिनट तक करें पूजा
गीता भवन मंदिर के पंडित अरुण कौशिक ने बताया कि दिवाली की पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 5 बजकर 40 मिनट से लेकर 7 बजकर 36 मिनट तक है। लक्ष्मी पूजा के लिए महानिशीथ काल मुहूर्त रात 11 बजकर 39 मिनट से मध्यरात्रि 12 बजकर 31 मिनट तक है। इसी मुहूर्त में ही सभी श्रद्धालु पूजा अर्चना करेंगे।