सिरसा। अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन ने सोमवार को साहुवाला प्रथम व भावदीन के फसल खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने एजेंसियों द्वारा खरीदे गए गेहूं की जांच की और उठान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सोमवार को समाधान शिविर में शिकायत आई थी कि दोनों खरीद केंद्रों पर भूसा व मिट्टी मिले हुए गेहूं की पैकिंग की जा रही है। शिकायत के बाद एडीसी जांच के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन जांच के दौरान बैगों में भरा हुआ गेहूं साफ मिला। इसके बाद एडीसी ने खरीद और उठान कार्य की जांच की। उन्होंने गेहूं की नमी की भी जांच की तथा किसानों से भी बात कर उनकी समस्याएं भी जानी।
खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक मुकेश कुमार ने बताया कि समाधान शिविर में आई शिकायत सही नहीं पाई गई और शिकायत के आधार पर ही निरीक्षण किया गया था। इस अवसर पर मंडी सचिव वीरेंद्र सिंह, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर संजीव कुमार भी उपस्थित रहे।
अब तक 7,67,941 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की
जिले में विभिन्न खरीद केंद्रों पर 7,67,941 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई है। जिले की मंडियों में 72.57 प्रतिशत गेहूं की उठान की गई है। उठान कार्य में सबसे आगे खाद्य एवं आपूर्ति विभाग रहा है, जिसने 73.35 प्रतिशत उठान की है। वहीं जिले में सबसे अधिक गेहूं की खरीद 5,20,266 मीट्रिक टन हैफेड ने की है। इसके बाद हरियाणा वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन ने 1,61,199 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की है, जिससे जिले के 67,049 किसान लाभान्वित हुए हैं।
गेहूं और सरसों बैग चोरी के आरोपी भेजे जेल
रानियां। पुलिस ने दो मई को खारियां गांव से गेहूं और सरसों के बैग चोरी के दो आरोपियों को बरामद चोरी हुए बैग बरामद किया है। इन आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया।
जांच अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि खारियां निवासी राजबीर सिंह पुत्र रणबीर सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका मकान जोधपुरिया रोड पर स्थित है। वह खेतीबाड़ी का काम करते हैं। बीती दो मई की रात अज्ञात युवकों ने उनके घर में रखे 17 कट्टे गेहूं और तीन बैग सरसों चोरी कर लिए।
पुलिस ने इस आरोप में नानुआना रोड से दो युवकों को काबू किया है। उनकी पहचान वार्ड नंबर 15 रानियां निवासी सुखदेव सिंह पुत्र करनैल सिंह और निशान सिंह पुत्र जोगा सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की निशानदेही पर चोरीशुदा गेहूं और सरसों के बैग बरामद किए गए हैं।