गांव भरोखां के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में एडीसी विद्यार्थियों के साथ खाना चखते हुए।
सिरसा। गांव भरोखां के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को डॉ. बीआर आंबेडकर ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन किया गया। इस दौरान एडीसी लक्षित सरीन ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। यह लाइब्रेरी ग्राम पंचायत की ओर से बनवाई गई है। इस लाइब्रेरी में कंप्यूटरों व इंटरनेट का विशेष प्रबंध किया गया है।
एडीसी ने स्कूल प्रांगण का दौरा किया और तमाम व्यवस्थाओं का जायजा लेकर बेहतर व्यवस्थाएं होने पर स्कूल के प्रिंसिपल व अन्य शिक्षकों की पीठ थपथपाई। इसके बाद एडीसी ने विद्यार्थियों के साथ बैठ कर मिड-डे मील चखा। इस दौरान एडीसी लक्षित सरीन ने कहा कि आज के युग में कंप्यूटर व इंटरनेट पढ़ाई का अहम हिस्सा बन गए हैं। इसलिए सरकारी स्कूलों में ई लाइब्रेरी की विशेष आवश्यकता होती है।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों की ओर से विद्यार्थियों को पढ़ाई करवाने के साथ-साथ स्कूल में शैक्षणिक वातावरण बनाना भी जरूरी होता है जो इस स्कूल के शिक्षकों ने बेहतर बनाया हुआ है। इस अवसर पर सरपंच स्नेहलता, भीम रोज, मिलख राज कंबोज, हरीश भटी, शीशपाल सुथार, प्रिंसिपल वेद रोज, कुलदीप सिहाग व अन्य मौजूद रहे।