डबवाली। अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने मंगलवार को उपमंडल डबवाली के गांव रामगढ़ का दौरा कर चल रहे विकास कार्यों और जन सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता व ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान एडीसी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों और तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं ताकि ग्रामीणों को समय पर बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
लाइब्रेरी, चौपाल, जोहड़ का भी किया निरीक्षण : एडीसी ने गांव की लाइब्रेरी, चौपाल, जोहड़, वाटर वर्क्स, गलियों में बनाए गए सोखता गड्ढों व सीवरेज व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने लाइब्रेरी में उपलब्ध पुस्तकों, अध्ययन वातावरण और सुविधाओं की समीक्षा करते हुए इसे और अधिक उपयोगी बनाने के निर्देश दिए। चौपाल की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने ग्रामीणों के सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए इसके बेहतर उपयोग पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, जल निकासी और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी योजनाओं का उद्देश्य आमजन को राहत पहुंचाना है इसलिए जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। समयबद्ध क्रियान्वयन से ही सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ ग्रामीणों तक पहुंच सकता है। निरीक्षण के दौरान बीडीपीओ हरीश कुमार, सरपंच प्रतिनिधि विनोद कुमार, ग्राम सचिव देवीलाल मौजूद रहे।