सिरसा। जिला नगर योजनाकार विभाग की ओर से ऐलनाबाद में पिछले छह माह में कई बार कॉलोनियों पर कार्रवाई गई है। वीरवार को अनधिकृत कॉलोनी निर्माण कार्य को ध्वस्त किया गया। यह कार्रवाई ऐलनाबाद के राजस्व क्षेत्र में बाईपास मोड़ नजदीक सब्जी मंडी में की गई। अभियान के दौरान कॉलोनी में बनाई गई अवैध कच्ची सड़कें, डीपीसी तथा डिमार्केशन पोल को हटाया गया।
दूसरी ओर अधिकारियों को सिरसा में अवैध निर्माण नजर नहीं आता है। खासतौर पर एयरफोर्स स्टेशन के सामने एक साल में धड़ल्ले से निर्माण हुए हैं। एयरफोर्स स्टेशन की सुरक्षा की दृष्टि से बहुमंजिला व बिना अनुमति के निर्माण नहीं किया जा सकता है। जिला नगर योजनाकार विभाग के सर्व करने वाले अधिकारी इस ओर आंखें मूंदे बैठे हैं।
विज्ञापन
एयरफोर्स स्टेशन के सामने दुकान का निर्माण कार्य जारी है। इसके साथ-साथ बाईपास पुल तक आठ महीने में 15 से ज्यादा दुकानें बन चुकी हैं। कार बाजार सजने लगे हैं जो सड़कों पर आ गए हैं। विभाग की मानें तो इनमें से किसी की कोई अनुमति नहीं दी गई है। इसके बावजूद धड़ल्ले से अवैध निर्माण करवाया गया। किसी भी अधिकारी ने आज तक इन पर कार्रवाई करने की जहमत नहीं उठाई है। हालात ये हैं कि धड़ल्ले से निर्माण कार्य चल रहा है। दुकानें लगातार बन रही हैं जो बिना डीटीपी की अनुमति के नहीं बन सकती है।
बन गए गैराज, कॉमर्शियल गतिविधियां बढ़ीं : डबवाली रोड पर डीटीपी के जोन में बड़े स्तर पर गैराज बनाने का काम जारी है। स्क्रैप की बड़ी-बड़ी दुकानें व गोदाम बना दिए गए। बड़े स्तर पर कॉमर्शियल गतिविधियां शुरू हो गईं लेकिन किसी भी अधिकारी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया या जानबूझ कर इन्हें बढ़ावा दिया गया। आज तक इन अवैध निर्माणों को एक भी नोटिस नहीं दिया गया है। सिरसा से 60 किलोमीटर दूर जाकर बड़े स्तर पर जिला नगर योजनाकार विभाग के अधिकारी कार्रवाई करते हुए नजर आते हैं।