सिरसा। 15 हजार रुपये चोरी करने के मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने वीरवार को सिरसा निवासी आरोपी अभिषेक को काबू किया है। आरोपी से पूछताछ में उसके एक साथी की भी पहचान कर ली गई है, जिसे शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की पूरी राशि बरामद कर ली गई है।
जांच अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि गांव ममड़ खेड़ा जिला सिरसा निवासी शीशपाल ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका सिरसा के सेक्टर 20 में बूथ है। 28 अक्तूबर को शाम साढ़े सात बजे दो लड़के उसके बूथ पर आए और पूछा कि क्या आपके पास फूड ट्रेडिंग लाइसेंस है। पीड़ित ने बताया कि जब उसने कहा कि उसके पास लाइसेंस नहीं है।
इस पर दोनों शातिर युवकों ने कहा कि वे फूड ट्रेडिंग लाइसेंस बनवाने का काम करते हैं। बूथ संचालक उनके झांसे में आ गया और फोटो खिंचवाने के लिए बूथ से बाहर चला गया। इसी दौरान युवकों ने पीछे से दुकान के गल्ले से 15 हजार रुपये निकाल लिए और भाग गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की।