पत्रकारवार्ता को संबोधित करते बीकेई प्रदेशाध्यक्ष लखविंदर सिंह औलख।
सिरसा। भारतीय किसान एकता (बीकेई) के प्रदेशाध्यक्ष लखविंदर सिंह औलख ने आरोप लगाया कि हरियाणा की प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों पर नकली खाद व बीज सप्लाई किया जा रहा है। सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में औलख ने कहा, हरको बैंक के जनरल मैनेजर प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों के प्रबंधक व कृषि विभाग के अधिकारी इस गड़बड़ी में शामिल हैं। वहीं, कृषि विभाग के अधिकारियों ने कहा कि उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
लखविंदर औलख ने कहा कि हरियाणा में बड़ी संख्या में किसान प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों के साथ जुड़े हैं। वह इन पर विश्वास भी करते हैं, इसी का फायदा उठाकर शातिर व बेईमान लोग सहकारी समितियों को अपना निशाना बना रहे हैं। फिनिक्स प्लांट्स लाइफ केयर प्राइवेट लिमिटेड नोएडा यूपी ने मोनो एनपीके 22-22-11 प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों में लगभग 2.5 लाख कट्टे सप्लाई किए हैं। कंपनी की ओर से यमुनानगर, रेवाड़ी, फतेहाबाद सहित कई जिलों में नकली एनपीके सप्लाई किया गया।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार के डिजाइन किए कट्टे भारतीय जन उर्वरक परियोजना तर्ज पर नीले रंग के बैग बनाए गए हैं। फर्टिलाइजर की नामी कंपनी का शॉर्ट नाम भी उस पर लिखा गया है, ताकि किसानों को बहकाया जा सके।
100 से 150 रुपये प्रति बैग दिया जा रहा कमीशन
औलख ने कहा कि उपरोक्त कंपनी द्वारा नकली एनपीके बेचने की एवज में प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों के सेल्समैनों को 100 से 150 रुपये प्रति बैग अलग से कमीशन दिया जा रहा है। औलख ने कहा कि सूत्रों से पता चला कि राजस्थान में पकड़ी नकली फैक्टरियां हरियाणा में भी नकली माल सप्लाई कर रही थी। इस मामले की गहनता से जांच कराई जाए।
-
हमारे पास गड़बड़ी की कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। किस पेस्टीसाइड को लेकर मुद्दा उठाया है, उसकी जानकारी भी उन्हें नहीं है।
- डाॅ. अमित कुमार, एसडीओ, कृषि विभाग