नागरिक अस्पताल में धरना देकर बैठे मृतक के परिजनों से बातचीत करते ऐलनाबाद थाना प्रभारी । संवाद
- फोटो : Sirsa
ऐलनाबाद। खंड के गांव मीठी सुरेरा में रविवार को एक विवाहिता
घर पर फंदा लगा लिया। इस मामले में विवाहिता के परिजनों ने उसके ससुराल पक्ष पर हत्या करने के आरोप लगाए हैं। मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के पांच सदस्यों पर मामला दर्ज किया है। वहीं सोमवार को पीड़ित परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नागरिक अस्पताल में धरना दे दिया और शव लेने से इन्कार कर दिया। ऐलनाबाद थाना प्रभारी के आश्वासन पर परिजन शव लेने पर राजी हुए और पोस्टमार्टम करवाया।
ऐलनाबाद पुलिस को दी शिकायत में डबवाली के वार्ड सात निवासी रोहताश ने बताया कि उन्होंने अपनी लड़की कोमल की शादी 30 अप्रैल 2021 को मीठी सुरेरा निवासी सुनील पुत्र देवीलाल के साथ की थी। सुसराल वालों ने करीब एक महीना बाद ही कोमल को दहेज कम लाने की बात कह कर परेशान करना शुरू कर दिया। कोमल को पति सुनील कुमार कार की मांग करता था। इसके साथ ही सास लीला देवी, ननद कविता देवी, ननद सुमन व सुमन का पति हरिश वासी पदमपुर देहज के लिए तंग करते और मारपीट करते। 30 अक्तूबर को उनके पास फोन आया कि कोमल की तबीयत खराब हो गई है और उसे अस्पताल में लेकर जा रहे हैं। जब वे मौके पर पहुंचे तो डॉक्टरों ने जांच के बाद कोमल को मृत घोषित कर दिया। रोहताश ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के शरीर पर मारपीट के निशान है। उसकी बेटी कोमल की हत्या की गई है।
शिकायत के आधार पर ससुराल पक्ष के पांच आरोपियों पर मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। - राधेश्याम शर्मा, थाना प्रभारी, ऐलनाबाद ।