सिरसा। महिला थाना सिरसा पुलिस ने दोस्ती का फायदा उठाकर एक महिला को ब्लैकमेल करने और उसका शारीरिक व आर्थिक शोषण करने वाले मुख्य आरोपी प्रिंस पाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
एसपी दीपक सहारण ने बताया कि पीड़ित महिला ने परिजनों के साथ महिला थाना में शिकायत दर्ज करवाई। पीड़िता के अनुसार करीब दो साल पहले उसकी मुलाकात प्रिंस पाल से हुई थी। आरोपी ने महिला को नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया और धीरे-धीरे उससे दोस्ती बढ़ा ली। 8 जुलाई 2025 की रात आरोपी पीड़िता को अपने किराये के मकान पर ले गया जहां उसने शारीरिक संबंध बनाए और धोखे से अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने 2.50 लाख रुपये ऐंठ लिए।
रुपये लेने के बाद भी आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर महिला को अन्य लोगों के साथ संबंध बनाने के लिए दबाव बनाने लगा। दो महीने पहले आरोपी ने फिर से 50 हजार रुपये मांगे और रुपये न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी थी।