संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। तीन युवकों से रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर हुई 54 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजकुमार पुत्र लेखराज वासी भूना, फतेहाबाद के रूप में हुई है। आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने रेलवे विभाग के फर्जी नियुक्ति पत्र तथा पहचान पत्र तैयार कर पीड़ित युवकों को सौंपे थे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 2022 में गांव नेजाडेला खुर्द निवासी दो भाइयों अनमोल व अनुसंधा पुत्र जयचंद तथा भुर्टवाला निवासी मलकीत सिंह पुत्र अशोक कुमार से रेलवे विभाग में टीटी लगवाने के नाम पर 54 लाख रुपये की ठगी की गई थी। जैसे ही मामला पुलिस के संज्ञान में आया तो पांच जून 2024 को शहर के सिविल लाइन थाना में धोखाधड़ी का अभियोग दर्ज किया गया था। मामले की जांच आर्थिक अपराध सेल को सौंपी गई। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया है।